भैसमुड़ा मड़ई मेले में मुख्य अतिथि बने विधायक अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ी संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
धरसींवा विधानसभा अंतर्गत ग्राम भैसमुड़ा में आयोजित वार्षिक मड़ई मेले में विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की और छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा एवं लोककला के संरक्षण का संदेश दिया।
UNITED NEWS OF ASIA .अमृतेश्वर सिंह ,रायपुर | धरसीवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भैसमुड़ा में आयोजित वार्षिक मड़ई मेला एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ग्राम आगमन पर ग्रामीणों एवं मेला समिति द्वारा आतिशबाजी और बाजे-गाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विधायक ने ग्रामीणों के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मड़ई मेला छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा की सशक्त पहचान है। ऐसे आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और मेल-मिलाप को मजबूत करने का भी कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भैसमुड़ा जैसे गांवों में परंपरागत उत्सवों का निरंतर आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मड़ई मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय एवं प्रदेश स्तरीय कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी गीतों और लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विधायक शर्मा, जो स्वयं कला एवं संस्कृति से गहरे रूप से जुड़े हुए हैं, ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य की लोककला और कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रह सके।
उन्होंने यह भी कहा कि मड़ई जैसे आयोजनों से स्थानीय छोटे व्यापारियों, स्व-सहायता समूहों और महिला समूहों को अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिलता है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। यह आयोजन गांव के सामाजिक और आर्थिक विकास दोनों के लिए उपयोगी सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से भेंट कर उनकी स्थानीय समस्याओं, आवश्यकताओं तथा गांव में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों पर भी चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर टिकेश्वर मनहरे, शीतल चित्रेश वर्मा, यशवंत वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। मड़ई मेले का आयोजन पूरे उत्साह, परंपरा और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ।