मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयास रंग लाए: वनांचल के सुदूर टोलों तक पहुंचेगी बिजली, 3 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत

सूरजपुर जिला के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत सुदूर वनांचल टोलों में पहली बार नियमित बिजली पहुंचाने के लिए 3.06 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है। यह पहल महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से संभव हुई है।

Feb 15, 2026 - 15:38
 0  5
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयास रंग लाए: वनांचल के सुदूर टोलों तक पहुंचेगी बिजली, 3 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत

UNITED NEWS OF ASIA . अमृतेश्वर सिंह , रायपुर | जंगलों के बीच बसे जिन टोलों ने पीढ़ियों तक अंधेरे को अपनी नियति मान लिया था, वहां अब उजाले की पहली किरण पहुंचने जा रही है। सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के तीन सुदूर ग्रामों में दशकों बाद पहली बार नियमित विद्युत आपूर्ति के लिए 3 करोड़ 6 लाख 92 हजार 670 रुपये की बड़ी स्वीकृति जारी की गई है। यह महत्वपूर्ण पहल महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से संभव हो पाई है।

भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मसंकी, बांक और असुरा के कई मजरा-टोले अब तक मुख्य विद्युत लाइन से पूरी तरह कटे हुए थे। रात होते ही इन गांवों में घना अंधेरा छा जाता था और ग्रामीण ढिबरी या सीमित सोलर लाइट के सहारे जीवन यापन करने को मजबूर थे। बच्चों की पढ़ाई, किसानों का कार्य और सामान्य जनजीवन अंधेरे से प्रभावित हो रहा था।

क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ऊर्जा विभाग एवं राज्य स्तर पर पहल कर इन टोलों के विद्युतीकरण का प्रस्ताव आगे बढ़ाया। उनके सतत प्रयासों के बाद अब ‘मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना’ के तहत यह स्वीकृति जारी की गई है।

स्वीकृत राशि से ग्राम मसंकी के लुकभुकिया एवं पतेरीपारा, ग्राम बांक के खासपारा एवं स्कूलपारा तथा ग्राम असुरा के खासपारा, पण्डोपारा एवं असुरा-1 में विद्युत विस्तार कार्य किया जाएगा। इस योजना से सैकड़ों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और वर्षों से अंधेरे में रह रहे घरों तक बिजली पहुंचेगी।

सबसे बड़ी चुनौती वन भूमि से संबंधित अनुमति थी, क्योंकि ये टोले घने जंगलों के बीच स्थित हैं। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर विभागीय स्तर से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लिया गया है और अब शीघ्र ही जमीनी स्तर पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश का कोई भी घर अंधेरे में न रहे। विद्युत सुविधा उपलब्ध होने से बच्चों को पढ़ाई में सहूलियत मिलेगी, किसानों को कृषि कार्यों में सुविधा होगी और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार व लघु उद्यमों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।