मिशन महिला शक्ति अभियान के तहत डब्लू आर एस कॉलोनी में महिलाओं को अधिकारों व योजनाओं की जानकारी, सावित्री जगत ने किया संबोधित
रायपुर में मिशन महिला शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उत्कल महिला महामंच की अध्यक्ष सावित्री जगत ने सेवा तीर्थ, कर्तव्य भवन और लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों पर महिलाओं को जागरूक किया।
UNITED NEWS OF ASIA . हसीब अख्तर , रायपुर | राजधानी रायपुर में संचालित मिशन महिला शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का क्रम निरंतर जारी है। इसी कड़ी में उत्कल महिला महामंच की अध्यक्ष सावित्री जगत मिशन महिला शक्ति अभियान के तहत राजधानी के डब्लू आर एस कॉलोनी झुग्गी बस्ती पहुंचीं और महिलाओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन की परिकल्पना देश के 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि नए प्रधानमंत्री परिसर के अत्याधुनिक भवनों के अनावरण के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा व्यक्त विचार यह दर्शाते हैं कि सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन से ऐसे निर्णय लिए जाएंगे, जो देश को नई दिशा देने के साथ विकास को गति प्रदान करेंगे।
सावित्री जगत ने बताया कि सेवा तीर्थ के माध्यम से विशेष रूप से महिलाओं को राहत और सशक्तिकरण का नया अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में “लखपति दीदी” योजना का विस्तार कर वर्ष 2029 तक इसे छह करोड़ महिलाओं तक पहुंचाने का लक्ष्य अत्यंत सराहनीय है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि दुर्घटना पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपये तक कैशलैस उपचार उपलब्ध कराने की पहल मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने वाली है। साथ ही कृषि कोष में वृद्धि से किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।
मिशन महिला शक्ति अभियान के तहत रायपुर में महिलाओं द्वारा निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा आत्मनिर्भरता से जुड़े अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
सावित्री जगत ने कहा कि सेवा तीर्थ केवल एक भवन नहीं, बल्कि सेवा, संकल्प और समर्पण का प्रतीक है। यह महिलाओं, युवाओं, किसानों और कमजोर वर्ग के हित में लिए जाने वाले निर्णयों का केंद्र बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन पहलों से देश की महिलाओं को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
आज के मिशन महिला शक्ति अभियान कार्यक्रम में रजनी बाघ, नीलम बाघ, सपना सोनी, जमना सोनी, मेनका बघेल, दामनी दुर्गा, खिरो दुर्गा, गायत्री दुर्गा, सोभा दुर्गा, फेकन सोना, किरण ताड़ी, संगीता सोनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।