बेमेतरा की जनकी देवी शुक्ला ने किया नेत्र और देहदान, दो नेत्रहीनों को मिलेगी रोशनी, मेडिकल विद्यार्थियों को होगा लाभ

बेमेतरा की 74 वर्षीय स्वर्गीय जनकी देवी शुक्ला ने नेत्रदान और देहदान कर समाज में मानवता का अनोखा संदेश दिया है। उनके नेत्र दो नेत्रहीनों को रोशनी देंगे, जबकि देहदान से चिकित्सा महाविद्यालय के विद्यार्थियों को शिक्षा और अनुसंधान में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने परिजन अजय शुक्ला को देहदान प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

Nov 8, 2025 - 13:04
 0  28
बेमेतरा की जनकी देवी शुक्ला ने किया नेत्र और देहदान, दो नेत्रहीनों को मिलेगी रोशनी, मेडिकल विद्यार्थियों को होगा लाभ

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। जिले की 74 वर्षीय स्वर्गीय जनकी देवी शुक्ला ने अपने जीवन के बाद भी समाज की सेवा का मार्ग चुना। उन्होंने नेत्रदान और देहदान कर यह संदेश दिया कि मृत्यु के पश्चात भी किसी के जीवन में उजाला और ज्ञान की रोशनी फैलायी जा सकती है।

जिला चिकित्सालय बेमेतरा में 6 नवम्बर को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू और जिला नोडल अधिकारी (अंधत्व) डॉ. बी.एल. राज की उपस्थिति में जनकी देवी के पुत्र अजय शुक्ला को देहदान प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र शर्मा, पत्रकार किशोर तिवारी, पार्षद विकास तंबोली, पंचु साहू और जिला मीडिया अधिकारी संजय तिवारी उपस्थित रहे।

सीएमएचओ डॉ. रोहलेडर ने कहा कि स्वर्गीय जनकी देवी शुक्ला का यह कदम समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनके नेत्र अब दो नेत्रहीनों को नई रोशनी देंगे और उनका शरीर चिकित्सा विद्यार्थियों के लिए शिक्षा एवं अनुसंधान का साधन बनेगा। उन्होंने बताया कि नेत्रदान के लिए किसी औपचारिक घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं होती, केवल परिजनों की सहमति से यह कार्य संभव है। मृत्यु के चार घंटे के भीतर नेत्रदान की प्रक्रिया पूर्ण की जाती है।

डॉ. रोहलेडर ने नागरिकों से अपील की कि वे भी इस मानवता के अभियान से जुड़ें और नेत्रदान कर किसी की अंधेरी दुनिया में उजाला लाएं। जिला सहायक नोडल अधिकारी (अंधत्व) विद्या सागर रात्रे ने बताया कि नेत्रदान हेतु इच्छुक व्यक्ति 9098908099 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

स्वर्गीय जनकी देवी शुक्ला का यह कदम न केवल समाज के लिए प्रेरणा है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए मानवता और सेवा का अमर उदाहरण भी है।