बचेली में पोस्टमार्टम स्थल पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव, परिजनों को जमीन पर बैठने की मजबूरी
बचेली में स्थित पोस्टमार्टम स्थल पर बैठने, शेड और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण मृतकों के परिजनों को जमीन पर बैठकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र आवश्यक व्यवस्था कराने की मांग की है।
UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी , बचेली | बचेली नगर में एक ओर जहां शराब दुकान परिसर में बैठने और शेड की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है, वहीं दूसरी ओर पोस्टमार्टम के लिए आने वाले मृतकों के परिजनों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जमीन पर बैठकर इंतजार करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
गुरुवार को बेनार गांव में एक वृद्ध की पानी में डूबने से मृत्यु हो गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए बचेली लाया गया। मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में पोस्टमार्टम परिसर पहुंचे, लेकिन वहां बैठने के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सभी को खुले में जमीन पर बैठकर प्रतीक्षा करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने में एक से दो घंटे का समय लग सकता है, लेकिन डॉक्टर की अनुपलब्धता या अन्य कारणों से यह समय कई बार पांच से छह घंटे तक भी पहुंच जाता है। इस दौरान परिजनों को परिसर के बाहर ही इंतजार करना पड़ता है। बावजूद इसके वहां न पर्याप्त शेड की व्यवस्था है, न बैठने के लिए कुर्सी या बेंच और न ही पेयजल की सुविधा उपलब्ध है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में परिसर में कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है, वहीं गर्मी के दिनों में तेज धूप में घंटों इंतजार करना अत्यंत कष्टदायक होता है। ऐसी संवेदनशील परिस्थितियों में कम से कम शेड, बैठने की व्यवस्था और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पोस्टमार्टम स्थल पर शीघ्र आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि शोकाकुल परिजनों को दुख की घड़ी में अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।