आलीराजपुर में दिनदहाड़े बाइक चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक बरामद

आलीराजपुर कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की दो बाइक और वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है। सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना के आधार पर यह सफलता मिली।

May 9, 2026 - 15:44
 0  58
आलीराजपुर में दिनदहाड़े बाइक चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. मुस्तकीम मुगल, आलीराजपुर। जिले में दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी की घटनाओं का कोतवाली पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, साथ ही वारदात में प्रयुक्त एक अपाचे बाइक भी जप्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदोरिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मामले में फरियादी भादु पिता रेमसिंह तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जिला अस्पताल के पीछे मुबारिक अहमद खान के मकान के सामने खड़ी उनकी HF Deluxe बाइक क्रमांक MP69MC1240 अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए।

इसी प्रकार एक अन्य फरियादी रोबिन पिता राजू तिनक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कृष्णा सेठ के गोदाम के पास तिखी इमली क्षेत्र से उनकी Honda Shine बाइक क्रमांक MP69ZB1062 चोरी हो गई। दोनों मामलों पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 194/2026 एवं 195/2026 धारा 303(2) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और पुलिस कैमरों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम उमराली में दबिश दी गई, जहां से पारला पिता गुजरिया जमरा, सुपी पिता नानबु जमरा और लक्की पिता किशन जमरा, निवासी वाकनेरी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथी दिलु उर्फ दिलीप निवासी वाकनेरी के साथ मिलकर दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की दोनों बाइक बरामद कर लीं और घटना में इस्तेमाल अपाचे बाइक भी जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य संभावित लिंक की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सिटोले, उपनिरीक्षक अजय वास्कले, सउनि अरुण राठौर सहित सायबर सेल और अन्य पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।