छत्तीसगढ़ चेम्बर में आयकर अधिनियम 2025 पर विशेष कार्यशाला, व्यापारियों को नए नियमों की दी जानकारी
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज रायपुर में आयकर अधिनियम 2025 के प्रमुख बदलावों पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। टैक्स एक्सपर्ट सीए अंकित सोमानी ने डिजिटल टैक्स सिस्टम, नए प्रावधानों और व्यापारियों के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज रायपुर द्वारा बॉम्बे मार्केट स्थित चेम्बर भवन में “नवीन आयकर अधिनियम 2025 – प्रमुख प्रावधान एवं महत्वपूर्ण बदलाव” विषय पर एक विशेष कार्यशाला एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों, प्रोफेशनल्स और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को नए आयकर कानून की बारीकियों और उसके प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अजमेर से आए प्रसिद्ध टैक्स एक्सपर्ट एवं आईसीएआई के पूर्व क्षेत्रीय परिषद सदस्य सीए अंकित सोमानी रहे। उन्होंने कहा कि नया आयकर अधिनियम 2025 कर प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी के कारण अब विभाग हर वित्तीय लेनदेन पर बारीकी से नजर रखेगा।
सीए सोमानी ने व्यापारियों को सलाह दी कि वे अपने डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों का सही रखरखाव करें, क्योंकि छोटी तकनीकी त्रुटियां भी भविष्य में भारी पेनल्टी या टैक्स देनदारी का कारण बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि नए कानून में छोटे और मध्यम वर्गीय व्यापारियों के लिए “प्रिजम्पटिव टैक्सेशन” की सीमा बढ़ाई गई है तथा ऑडिट नियमों को भी सरल बनाया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि अब फॉर्म 15जी और 15एच की जगह एकीकृत फॉर्म 121 लागू किया गया है, जिससे कागजी प्रक्रिया कम होगी और टैक्स फाइलिंग अधिक आसान बनेगी। नए अधिनियम में छोटी तकनीकी गलतियों पर दंडात्मक प्रावधानों को भी नरम किया गया है, जिससे ईमानदार करदाताओं को राहत मिलेगी। यह नया कानून 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी रूप से लागू हो चुका है।
चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि नए आयकर कानून की सही जानकारी व्यापारियों के लिए बेहद जरूरी है। जानकारी के अभाव में कई बार व्यापारी अनजाने में गलतियां कर बैठते हैं, जिससे बाद में कानूनी परेशानियां बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि चेम्बर का उद्देश्य व्यापारियों को जागरूक और सक्षम बनाना है, ताकि वे नए नियमों के अनुसार सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ व्यापार कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों द्वारा पूछे गए सवालों का समाधान भी किया गया। नकद लेनदेन, टीडीएस कटौती और डिजिटल ट्रांजेक्शन जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी साझा की गई। कार्यशाला में बड़ी संख्या में व्यापारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और चेम्बर पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने मुख्य वक्ता सीए अंकित सोमानी को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।