रंगौत्सव फिल्म फेस्टिवल 2026 का भव्य समापन, अनुज शर्मा ने युवाओं को दिए फिल्म निर्माण के सफलता मंत्र

भिलाई स्थित रुंगटा स्कूल ऑफ फिल्म एंड मीडिया में आयोजित 'रंगौत्सव फिल्म फेस्टिवल 2026' का भव्य समापन हुआ। मुख्य अतिथि अनुज शर्मा ने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ी संस्कृति, आधुनिक तकनीक और मौलिक कहानी के समन्वय से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का संदेश दिया।

Jun 26, 2026 - 12:41
 0  2
रंगौत्सव फिल्म फेस्टिवल 2026 का भव्य समापन, अनुज शर्मा ने युवाओं को दिए फिल्म निर्माण के सफलता मंत्र

UNITED NEWS OF ASIA. भिलाई। रुंगटा स्कूल ऑफ फिल्म एंड मीडिया (RSFM) में आयोजित 'रंगौत्सव फिल्म फेस्टिवल 2026' का भव्य समापन सांस्कृतिक और रचनात्मक उत्साह के बीच संपन्न हुआ। समारोह में धरसीवां विधायक एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा के अभिनेता अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें रुंगटा समूह के पदाधिकारियों और अतिथियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुज शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रतिभाओं से भरपूर प्रदेश है और यहां के युवाओं में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा कि रुंगटा स्कूल ऑफ फिल्म एंड मीडिया जैसी संस्थाएं युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाकर छत्तीसगढ़ी सिनेमा और कला को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को निखारने और मौलिक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अनुज शर्मा ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रभावशाली मंच भी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी माटी, छत्तीसगढ़ी भाषा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अपनी फिल्मों और कला के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नए कैमरा सिस्टम और डिजिटल तकनीकों का उपयोग अवश्य करें, लेकिन अपनी कहानियों की मौलिकता और संवेदनशीलता को हमेशा बनाए रखें।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि फिल्म निर्माण के क्षेत्र में शुरुआती असफलताओं से निराश होने की आवश्यकता नहीं है। मेहनत, धैर्य और निरंतर सीखने की इच्छा ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने 'रंगौत्सव फिल्म फेस्टिवल' को छत्तीसगढ़ी सिनेमा के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण मंच बताते हुए रुंगटा प्रबंधन की सराहना की।

फिल्म फेस्टिवल के दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई लघु फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों का प्रदर्शन किया गया। इन प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों, फिल्म विशेषज्ञों और दर्शकों ने सराहा। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अनुज शर्मा तथा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सतीश जैन, मनोज वर्मा, मनीष मानिकपुरी सहित विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह के अंत में रुंगटा प्रबंधन ने अनुज शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके आगमन के लिए आभार व्यक्त किया। आयोजन का उद्देश्य युवा फिल्म निर्माताओं को मंच उपलब्ध कराना, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय सिनेमा को नई पहचान दिलाना रहा।