नेहरू नगर व्यापारी संघ ने नए थाना प्रभारी का किया स्वागत, कानून-व्यवस्था सुधारने सौंपा सुझाव पत्र
भिलाई के नेहरू नगर व्यापारी संघ ने सुपेला थाना के नए थाना प्रभारी एस. एम. सिंह का स्वागत कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए सुझाव पत्र सौंपा। व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने, खुले में नशा करने वालों पर कार्रवाई और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, भिलाई l भिलाई के नेहरू नगर व्यापारी संघ ने सुपेला थाना के नवपदस्थ थाना प्रभारी एस. एम. सिंह से सौजन्य मुलाकात कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने वार्ड क्रमांक 4 स्थित नेहरू नगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक सुझाव पत्र भी सौंपा।
बैठक के दौरान संघ अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से थाना प्रभारी को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और साड़ा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स परिसर में शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगता है। खुले में शराब सेवन, धूम्रपान और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण व्यापारियों, ग्राहकों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
संघ के सह सचिव हर्ष चंदेल और कार्यकारिणी सदस्य राजू साहू ने मांग की कि क्षेत्र में शाम और देर रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वाले तथा यातायात बाधित करने वाले लोगों के खिलाफ नियमित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापारिक क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण बना रहे।
साड़ा ओल्ड शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सदस्य सम्मुख राव ने सुझाव दिया कि प्रभावी पुलिस गश्त के लिए पहले से तैयार रूट चार्ट को पुनः लागू किया जाए। उनका कहना था कि इससे संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी बनी रहेगी और कोई भी महत्वपूर्ण स्थान पुलिस गश्त से वंचित नहीं रहेगा।
थाना प्रभारी एस. एम. सिंह ने व्यापारी संघ द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
बैठक में व्यापारी संघ के अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया, महासचिव जगदीश आहूजा, कोषाध्यक्ष मुकेश जैन, सह सचिव हर्ष चंदेल, कार्यकारिणी सदस्य एस. कुंडु, राजू साहू तथा साड़ा ओल्ड शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के अंत में व्यापारी संघ ने पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था कायम रखने में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा जताया। संघ ने उम्मीद व्यक्त की कि पुलिस और व्यापारियों के आपसी सहयोग से नेहरू नगर क्षेत्र को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।