‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से हरित होगा कबीरधाम, 9 लाख पौधरोपण का लक्ष्य
कबीरधाम जिले में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत इस वर्ष लगभग 9 लाख पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। वन विभाग किसानों, नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से पौधरोपण एवं निःशुल्क पौधा वितरण अभियान चला रहा है। विशेष अभियान 30 जुलाई तक जारी रहेगा।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से कबीरधाम जिले में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और सामाजिक जागरूकता का एक प्रभावी जनआंदोलन बनता जा रहा है। जिले में इस वर्ष लगभग 9 लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे पूरा करने के लिए वन विभाग विभिन्न योजनाओं के माध्यम से व्यापक अभियान चला रहा है।
वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए इस अभियान को जिले में प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत वन विभाग किसानों, नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से बड़े पैमाने पर पौधरोपण और पौधा वितरण कर रहा है।
उन्होंने बताया कि लगभग 4 लाख पौधे वन क्षेत्रों में लगाए जाएंगे, जिससे जिले के वनावरण में वृद्धि होगी और जैव विविधता को संरक्षण मिलेगा। वहीं किसान वृक्ष मित्र योजना के तहत किसानों को 3 लाख पौधे निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। किसान अपनी कृषि भूमि की मेड़ों और अनुपयोगी भूमि पर इन पौधों का रोपण कर भविष्य में अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकेंगे।
वन विभाग द्वारा हरियाली प्रसार योजना के अंतर्गत "पौधा तुंहर दुआर" कार्यक्रम भी संचालित किया जाएगा। इस योजना के तहत नगरीय निकाय क्षेत्रों में ई-रिक्शा के माध्यम से घर-घर जाकर नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने और शहरी क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के तहत जिले में एक लाख फलदार पौधों और 90 हजार बांस के पौधों का भी निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। फलदार पौधे जहां पोषण सुरक्षा और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होंगे, वहीं बांस के पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देंगे।
वन विभाग ने बताया कि यह विशेष अभियान 30 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। जिले के नागरिक लालपुर नर्सरी से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर अपने घर, खेत, विद्यालय, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण कर सकते हैं। विभाग ने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाने की अपील की है।
अभियान की शुरुआत से ही जिले में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर नागरिकों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया गया। इसके अलावा स्कूलों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों और शासकीय कार्यालयों में भी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वन विभाग का मानना है कि जनभागीदारी से संचालित यह अभियान आने वाले वर्षों में कबीरधाम को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।