सेवा सेतु केंद्र से आसान हुई ई-केवाईसी प्रक्रिया, तमरूवा की अन्नू विश्वकर्मा को मिला लाभ

कबीरधाम जिले के ग्राम तमरूवा की अन्नू विश्वकर्मा ने सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से अपना ई-केवाईसी अपडेट कराया। अब उन्हें आवेदन की प्रगति की जानकारी सीधे मोबाइल पर मिलेगी। सेवा सेतु प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिकों को 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Jun 26, 2026 - 15:07
 0  2
सेवा सेतु केंद्र से आसान हुई ई-केवाईसी प्रक्रिया, तमरूवा की अन्नू विश्वकर्मा को मिला लाभ

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु केंद्र आम लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अब विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। कबीरधाम जिले के ग्राम तमरूवा की निवासी अन्नू विश्वकर्मा इसका एक उदाहरण हैं, जिन्हें सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से ई-केवाईसी अपडेट कराने में बड़ी राहत मिली।

अन्नू विश्वकर्मा ने बताया कि उनका ई-केवाईसी अपडेट नहीं होने के कारण उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने नजदीकी सेवा सेतु केंद्र पहुंचकर ई-केवाईसी अपडेट कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। केंद्र के कर्मचारियों ने उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया और निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर उनका आवेदन संबंधित विभाग को भेज दिया।

अन्नू विश्वकर्मा ने बताया कि पहले ऐसे कार्यों के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से पूरी प्रक्रिया बेहद सरल और सुविधाजनक हो गई। अब उनके आवेदन की प्रगति और सभी अपडेट सीधे मोबाइल फोन पर प्राप्त होंगे, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

उन्होंने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवा सेतु केंद्र ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों के लिए बहुत उपयोगी साबित हो रहे हैं। इससे सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है और लोगों को समय पर सहायता मिल रही है। डिजिटल व्यवस्था के कारण आवेदन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी भी हुई है।

राज्य सरकार द्वारा पूर्व में संचालित ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं। नागरिकों की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए इसका उन्नत संस्करण सेवा सेतु विकसित किया गया, जिसमें अब 441 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इनमें 54 नई सेवाएं जोड़ी गई हैं, जबकि विभिन्न विभागों की 329 री-डायरेक्ट सेवाओं का एकीकरण भी किया गया है। वर्तमान में 30 से अधिक विभाग इस प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं, जिससे नागरिकों को अलग-अलग पोर्टलों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

कबीरधाम जिले में सेवा सेतु का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में जिले के सभी आठ तहसील कार्यालयों में सेवा सेतु केंद्र संचालित हैं। इसके अलावा जिले में कुल 332 सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को अपने क्षेत्र में ही आवश्यक सरकारी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।

राज्य सरकार का उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से शासन और नागरिकों के बीच की दूरी कम करना है। सेवा सेतु केंद्र इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरे हैं, जो आम नागरिकों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने में प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं।