ट्रांसपोर्ट शहर से बाहर शिफ्ट हो तो आधी ट्रैफिक समस्या होगी दूर: सतीश थौरानी, ट्रैफिक हैकाथॉन में चेंबर ने दिए सुझाव
रायपुर में ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 की समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स ने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई व्यावहारिक सुझाव दिए। अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को शहर के बाहर स्थानांतरित करने से ट्रैफिक दबाव काफी कम हो सकता है। बैठक में मल्टी-लेवल पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग के समय निर्धारण, नो-पार्किंग जोन और AI आधारित ट्रैफिक नियंत्रण पर भी चर्चा हुई।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के तहत 19 अगस्त को सी-4 पुलिस कंट्रोल रूम, सिविल लाइन्स में परामर्श एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने की। इसमें छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में चेंबर प्रतिनिधिमंडल और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में शहर के मुख्य बाजारों, थोक मंडियों और व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने को लेकर व्यापारिक संगठनों ने कई सुझाव दिए। चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए व्यावहारिक और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को शहर के बाहर पूरी तरह स्थानांतरित किया जाए तो शहर की आधी ट्रैफिक समस्या का समाधान हो सकता है। इसके साथ ही मुख्य बाजारों में मौजूद मल्टी-लेवल पार्किंग का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और नो-पार्किंग जोन का स्पष्ट चिह्नांकन करने का सुझाव दिया गया।
थौरानी ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में माल की लोडिंग और अनलोडिंग के लिए निर्धारित समय तय करने की बात कही। उनका कहना था कि इससे व्यस्त बाजारों में वाहनों की अनावश्यक आवाजाही कम होगी और आम लोगों को जाम से राहत मिल सकेगी।
बैठक में व्यस्त बाजार क्षेत्रों में पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती बढ़ाने का सुझाव भी दिया गया। इसके अलावा यातायात नियंत्रण और निगरानी में AI आधारित आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया गया, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाई जा सके।
सतीश थौरानी ने कहा कि सुगम और व्यवस्थित यातायात से शहर की छवि बेहतर होती है और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स पुलिस प्रशासन के इस नवाचार का पूर्ण समर्थन करता है।
उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की कि वे 17 सितंबर तक ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में अपने नवाचारी सुझाव ऑनलाइन दर्ज कराएं, ताकि शहर की यातायात समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए बेहतर योजनाएं तैयार की जा सकें।
बैठक में पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने चेंबर द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सुगम और सुरक्षित यातायात शहर की जीवनरेखा है। ट्रैफिक हैकाथॉन का उद्देश्य आम जनता और व्यापारिक क्षेत्र की व्यावहारिक समस्याओं को समझकर तकनीक और जनभागीदारी के माध्यम से स्थायी समाधान तलाशना है।
बैठक में चेंबर पदाधिकारी, ट्रांसपोर्ट एवं विभिन्न व्यापारिक संघों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।