पीजी कॉलेज कवर्धा में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण, विद्यार्थियों ने लिया संरक्षण का संकल्प

आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा में NSS, NCC एवं यूथ रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. ऋचा मिश्रा ने पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

Aug 13, 2026 - 16:25
 0  2
पीजी कॉलेज कवर्धा में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण, विद्यार्थियों ने लिया संरक्षण का संकल्प

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा स्थित आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) एवं यूथ रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ऋचा मिश्रा ने की। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर डॉ. ऋचा मिश्रा ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह माँ के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण करती हैं, उसी प्रकार वृक्ष भी मानव जीवन के लिए प्राणवायु, छाया, फल और अनेक आवश्यक प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध कराते हैं। इसलिए पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही जरूरी है।

अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के छायादार, शोभादार और फूलदार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में शामिल प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने स्वयं पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। महाविद्यालय परिसर को हराभरा बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश विद्यार्थियों और समाज तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता कन्नौजे, डॉ. राकेश चंदेल, NCC अधिकारी भानुप्रताप सिंह एवं यूथ रेड क्रॉस सोसायटी प्रभारी कृष्ण बंजारे के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उनके संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर डॉ. अनिल शर्मा, डॉ. दीप्ति जांगड़े, नरेंद्र कुमार कुलमित्र, संतोष कुमार साहू, डॉ. जय मेहरा, डॉ. सुनीता जाखड़, डॉ. सीमा मंडावी और आकांक्षा वर्मा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि अजय ठाकुर एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और पौधरोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयास को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।