जशपुर पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान: 15 दिन में 6 गुम बच्चियों को सकुशल परिजनों के सुपुर्द
जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत 15 दिनों में 06 गुम बच्चियों को ढूंढकर परिजनों के सुपुर्द किया। प्रदेश और प्रदेश के बाहर से भी बच्चियों को ढूंढा गया। अधिकांश मामलों में बच्चियाँ परिजनों से नाराज होकर गई थीं, कुछ में शादी का झांसा मिला। पुलिस अभियान अब भी जारी है।
UNITED NEWS OF ASIA. योगेश यादव , जशपुर | पुलिस ने 15 दिनों के भीतर ऑपरेशन मुस्कान के तहत 06 गुम बच्चियों को ढूंढकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया। इस अभियान में प्रदेश के अंदर और बाहर से गुम बच्चियों को तलाशा गया। थाना सिटी कोतवाली जशपुर, थाना दुलदुला, चौकी आरा, पंडरा पाठ और सोनक्यारी में दर्ज अलग-अलग गुम इंसान के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जांचा गया।
सिटी कोतवाली में 14 और 16 वर्षीय दो नाबालिक बच्चियों को 28 अक्टूबर और 16 नवंबर को गुम होने की सूचना मिली थी। परिजनों से नाराज होकर बच्चियाँ अपने रिश्तेदारों के पास चली गई थीं। पुलिस ने उन्हें क्रमशः 14 और 17 नवंबर को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया।
चौकी आरा क्षेत्र में 13 वर्षीय बच्ची 17 नवंबर से घर से बिना बताए चली गई थी। पुलिस ने तकनीकी टीम व परिजनों के सहयोग से उसे गुमला, झारखंड से ढूंढकर परिजनों को सौंपा।
थाना दुलदुला में 16 वर्षीय नाबालिक बालिका को शादी का झांसा देकर भगाने का मामला सामने आया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा और बच्ची को सुरक्षित परिजनों को सौंपा। चौकी पंडरा पाठ में 14 वर्षीय बच्ची को 20 वर्षीय आरोपी ने चेन्नई ले जाने का प्रयास किया था, जिसे पुलिस ने धर दबोचा और परिजनों के सुपुर्द किया।
सोनक्यारी क्षेत्र में 14 वर्षीय गुम बच्ची को हैदराबाद, तेलंगाना से ढूंढकर सुरक्षित वापस लाया गया। बच्ची ने बताया कि वह अपने दीदी जीजा से मिलने गई थी। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह, नगर सैनिक शिव शंकर रवि और परिजनों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में गुम बच्चियों के मामले में पुलिस लगातार सक्रिय है और अभियान जारी रहेगा।