दंतेवाड़ा में सुशासन तिहार और ‘नियद नेल्लानार’ योजना के तहत पात्र माताओं-बहनों को मिलेगा उज्ज्वला योजना का लाभ
दंतेवाड़ा जिले में सुशासन तिहार और ‘नियद नेल्लानार’ योजना के तहत पात्र माताओं-बहनों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के नए एलपीजी कनेक्शन देकर स्वच्छ ऊर्जा और सशक्तिकरण की दिशा में कदम।
UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा। सुशासन तिहार और ‘नियद नेल्लानार’ योजना के तहत दंतेवाड़ा जिले की पात्र माताओं-बहनों के लिए खुशखबरी है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत देशभर में 25 लाख नए एलपीजी कनेक्शन स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें दंतेवाड़ा जिले की महिलाओं को भी लाभ प्रदान किया जाएगा।
यह योजना महिलाओं के जीवन में स्वच्छ ऊर्जा, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण का नया अध्याय जोड़ेगी। उज्ज्वला योजना से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की महिलाएं पारंपरिक चूल्हे के धुएं से मुक्त होकर स्वच्छ रसोई का वातावरण प्राप्त करेंगी। शासन का उद्देश्य है कि जिले की हर पात्र महिला तक रसोई गैस की सुविधा पहुंचाई जाए, जिससे उनका जीवन स्तर सुधरे और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिले।
आवेदन प्रक्रिया के तहत पात्र हितग्राही 31 अक्टूबर 2025 तक अपने-अपने ग्राम पंचायत या नगरीय निकाय के सचिव, सरपंच, पार्षद अथवा निकटस्थ गैस एजेंसी में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद गैस एजेंसी द्वारा पात्र हितग्राहियों का परीक्षण किया जाएगा और ई-केवाईसी (बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण) के माध्यम से उज्ज्वला गैस कनेक्शन वितरित किया जाएगा।
पात्रता मानदंड के अनुसार, सभी प्रकार के राशन कार्डधारी परिवार इस योजना के लिए योग्य होंगे। वहीं, एपीएल राशन कार्डधारी, आयकरदाता, शासकीय कर्मचारी, पहले से गैस कनेक्शन वाले, 30 वर्ग मीटर से बड़े मकान के स्वामी, वाहन स्वामी और 2.5 एकड़ से अधिक सिंचित भूमि वाले परिवार योजना से वंचित रहेंगे।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में बीपीएल राशन कार्ड, परिवार के सभी 18 वर्ष से अधिक उम्र के सदस्यों का आधार कार्ड, और महिला मुखिया का बैंक पासबुक शामिल है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से दंतेवाड़ा जिले में न केवल महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सुधार की दिशा में भी बड़ा कदम उठेगा। ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को अब धुएं से मुक्त, प्रदूषण रहित वातावरण में जीवन जीने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि सभी पात्र परिवार समय पर आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाएं और स्वच्छ, स्वस्थ व आत्मनिर्भर समाज निर्माण में सहयोग करें।