जयस्तंभ चौक के पास पुरानी शराब भट्टी में गंदगी मिलने पर 25 हजार रुपये का ई-जुर्माना
रायपुर नगर निगम जोन 4 स्वास्थ्य विभाग ने जयस्तंभ चौक के पास मल्टी लेवल पार्किंग परिसर के पीछे स्थित पुरानी शराब भट्टी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में गंदगी और कचरा फैलाने की शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित संचालक छोटेलाल निषाद पर 25 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया और सफाई व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर पालिक निगम जोन 4 स्वास्थ्य विभाग ने जयस्तंभ चौक के समीप मल्टी लेवल पार्किंग परिसर के पीछे स्थित पुरानी शराब भट्टी में गंदगी और कचरा फैलाने की शिकायत पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनशिकायतों की मौके पर जांच की गई, जिसमें शिकायतें सही पाई गईं। इसके बाद संबंधित संचालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और प्राप्त जनशिकायतों का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन 4 की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौलाना अब्दुल रउफ वार्ड क्रमांक 45 के अंतर्गत जयस्तंभ चौक के समीप मल्टी लेवल पार्किंग परिसर के पीछे स्थित पुरानी शराब भट्टी का निरीक्षण किया।
जोन 4 जोन कमिश्नर दिव्या चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन्द्र चंद्राकर एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मौके पर गंदगी पाई गई और कचरा फैलाया जाना भी सामने आया। इससे संबंधित जनशिकायतों की पुष्टि होने के बाद निगम ने संबंधित संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की।
जोन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुरानी शराब भट्टी के संचालक छोटेलाल निषाद को परिसर में तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने की कड़ी हिदायत दी। साथ ही भविष्य में दोबारा गंदगी फैलाने अथवा स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जनशिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान संबंधित संचालक पर 25 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों और व्यावसायिक परिसरों में स्वच्छता बनाए रखना संबंधित संचालकों की जिम्मेदारी है। कचरा खुले में फैलाने और गंदगी रखने से आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता प्रभावित होने के साथ आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नगर निगम जोन 4 स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनशिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर निरीक्षण कर कार्रवाई किए जाने से शिकायत का तत्काल निराकरण किया गया। निगम की ओर से क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।