जंगल में बैटरी की रोशनी में जुआ खेलते 15 आरोपी गिरफ्तार, ₹60 लाख का मशरूका जब्त

छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा थाना पुलिस ने ग्राम बिछुआ के जंगल में जुआ खेल रहे 15 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से ₹1,53,230 नगद, 13 मोबाइल फोन, 5 लग्जरी वाहन, ताश के पत्ते और रोशनी की व्यवस्था सहित लगभग ₹60 लाख का मशरूका जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

Aug 14, 2026 - 10:43
 0  4
जंगल में बैटरी की रोशनी में जुआ खेलते 15 आरोपी गिरफ्तार, ₹60 लाख का मशरूका जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञ राज पटेल, छिंदवाड़ा l छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में जुआ खेल रहे 15 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹1,53,230 नगद, 13 मोबाइल फोन और 5 लग्जरी वाहनों सहित लगभग ₹60 लाख का मशरूका जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 की रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम बिछुआ के जंगल में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी राजेन्द्र धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुबह करीब 5 बजे जंगल में घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर बैटरी और एलईडी बल्ब की रोशनी में ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते हुए 15 लोगों को पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,53,230 नगद, 52 ताश के पत्ते, एक्साइड बैटरी, 10 वाट एलईडी बल्ब और वायर जब्त किया। इसके अलावा मोटोरोला, सैमसंग, ओप्पो, रियलमी, वीवो, पोको और वनप्लस सहित विभिन्न कंपनियों के 13 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

कार्रवाई में पांच लग्जरी वाहन भी जब्त किए गए, जिनमें महिंद्रा टीयूवी 300, फोर्ड कार, टाटा सफारी, महिंद्रा बोलेरो और महिंद्रा स्कॉर्पियो शामिल हैं। पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹60 लाख है।

पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 554/2026 के तहत धारा 13 जुआ एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। फरार आरोपी कम्मू चौरे निवासी सिंगोडी, थाना अमरवाड़ा की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अमरवाड़ा कल्याणी वरकड़े के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र धुर्वे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में उप निरीक्षक विजेन्द्र मार्को, उप निरीक्षक राघवेंद्र उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक पवन यादव, प्रधान आरक्षक जयसिंह बघेल, संजीव तेकाम, रामगणेश तिवारी तथा आरक्षक करण रघुवंशी, ललित परतेती, श्याम साहू और ओमकार कुमरे शामिल रहे।