उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व मंत्री केदार कश्यप ने गुजरात की आधुनिक डेयरियों का किया भ्रमण, छत्तीसगढ़ में डेयरी क्रांति को मिलेगा नया आयाम

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं वन मंत्री केदार कश्यप ने बनासकांठा (गुजरात) में स्थित आधुनिक डेयरियों का भ्रमण कर सहकारी डेयरी मॉडल को छत्तीसगढ़ में लागू करने की दिशा में पहल की।

Feb 17, 2026 - 14:28
 0  5
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व मंत्री केदार कश्यप ने गुजरात की आधुनिक डेयरियों का किया भ्रमण, छत्तीसगढ़ में डेयरी क्रांति को मिलेगा नया आयाम

UNITED NEWS OF ASIA . अमृतेश्वर सिंह, रायपुर |  मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं वन, पर्यावरण एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने पशुपालकों एवं बिहान दीदियों के साथ गुजरात राज्य के मेहसाणा जिला अंतर्गत बनासकांठा क्षेत्र में स्थित आधुनिक डेयरियों का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य गुजरात की डेयरी क्रांति से सीख लेकर छत्तीसगढ़ में उसे प्रभावी रूप से लागू करना है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रसिद्ध दूधसागर डेयरी, बनास डेयरी एवं अमूल डेयरी का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान डेयरी की आधुनिक कार्यप्रणाली, तकनीकी नवाचारों तथा सहकारी मॉडल की जानकारी डेयरी अधिकारियों द्वारा दी गई।

भ्रमण के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं वन मंत्री ने डेयरी प्लांट, बायो-सीएनजी प्लांट, खाद्य तेल इकाई, आटा प्लांट तथा शेरपुरा डेयरी कोऑपरेटिव सोसायटी का भी अवलोकन कर वहां की व्यवस्थाओं को करीब से समझा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण केवल अवलोकन तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां से प्राप्त अनुभवों को छत्तीसगढ़ में लागू करने का अवसर है। उन्होंने प्रतिभागियों से सफल डेयरी मॉडल, दुग्ध संकलन प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रसंस्करण तकनीक तथा विपणन व्यवस्था का गहन अध्ययन करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि इस भ्रमण से प्रतिभागियों को संतुलित चारा विकास, उन्नत पशुपालन तकनीक, दुग्ध प्रसंस्करण, डेयरी उत्पाद निर्माण एवं विपणन की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं एवं पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। बिहान समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है तथा पशुपालन विभाग द्वारा दुग्ध उत्पादन एवं आय संवर्धन हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

वन, पर्यावरण एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि डेयरी सहकारी मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। यदि इस मॉडल को छत्तीसगढ़ में सुनियोजित ढंग से अपनाया जाए, तो पशुपालकों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उल्लेखनीय है कि इस शैक्षणिक भ्रमण में कुल 50 सदस्यीय दल शामिल है, जिसमें 25 पशुपालक एवं 25 बिहान (एनआरएलएम) समूह की दीदियां शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं मंत्री केदार कश्यप पूरे भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों के साथ रहकर उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं।