रायपुर की सूरत बदलने सड़क पर उतरे सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राजधानी को सुंदर और जाम-मुक्त बनाने का लिया संकल्प
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर शहर को सुंदर, सुव्यवस्थित और जाम-मुक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया और अधिकारियों को ट्रैफिक सुधार व विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA .अमृतेश्वर सिंह , रायपुर | रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने सोमवार को राजधानी रायपुर को सुंदर, सुव्यवस्थित और जाम-मुक्त बनाने के संकल्प के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों की टीम के साथ विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं को गति देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद अग्रवाल ने शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों का अवलोकन करते हुए ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, सड़कों को व्यवस्थित करने, अतिक्रमण हटाने तथा यातायात के सुचारु संचालन के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
सबसे पहले उन्होंने शहर स्थित ऑक्सीजोन पहुंचकर वहां स्वच्छता, हरियाली एवं नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया और इसे अधिक जन-उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद शंकर नगर मेन रोड पहुंचकर लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सांसद अग्रवाल ने कचना क्षेत्र में निर्माणाधीन रेल ब्रिज का निरीक्षण कर कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जोरा से कचना, मोवा होते हुए डब्ल्यूआरएस तक प्रस्तावित सड़क निर्माण स्थल का अवलोकन किया और इसे शहर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया। कचना क्षेत्र में रेलवे द्वारा स्वीकृत अंडरपास का भी निरीक्षण किया गया।
इसके बाद निरीक्षण दल नरहरिया तालाब एवं सिद्धार्थ चौक पहुंचा, जहां स्वीकृत दिव्यांग पार्क स्थल का अवलोकन किया गया। सांसद ने विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक एवं सुविधायुक्त सार्वजनिक स्थल विकसित करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर केवल छत्तीसगढ़ की राजधानी नहीं बल्कि प्रदेश की पहचान है। इसे सुंदर, सुव्यवस्थित, सुरक्षित और जन-अनुकूल बनाना उनकी प्राथमिकता है। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उनके इस सघन और सक्रिय दौरे से प्रशासनिक अमले में भी तेजी देखी गई। स्थानीय नागरिकों ने शहर के सर्वांगीण विकास, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को लेकर सांसद की इस पहल की सराहना करते हुए इसे रायपुर के बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।