अदनार के जंगल में नक्सलियों का पुराना हथियार डंप बरामद, 10 राइफल समेत हथियार-गोला बारूद जब्त
नारायणपुर जिले में नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए जारी सर्चिंग अभियान के दौरान पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। अदनार के जंगल में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए पुराने हथियार डंप का पता चला। सुरक्षा बलों ने मौके से 10 राइफल, 2 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, 13 जीवित बीजीएल शेल, कारतूस, टेलिस्कोपिक साइट और करीब 2 किलो विस्फोटक पदार्थ बरामद किया। सुरक्षा बल क्षेत्र में पुराने डंप और नक्सली गतिविधियों के अवशेषों की लगातार तलाश कर रहे हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर l नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके नारायणपुर जिले को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने ग्राम अदनार के जंगलों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए पुराने हथियार डंप का पता लगाया है।
पुलिस अधीक्षक सन्दीप कुमार पटेल और 129वीं वाहिनी बीएसएफ के कमांडेंट मुकेश कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अक्षय सबद्रा के मार्गदर्शन में जिले के दुर्गम एवं अंदरूनी क्षेत्रों में लगातार समन्वित सर्च अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 29 अगस्त 2026 को नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने ग्राम अदनार क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग अभियान चलाया। सघन तलाशी के दौरान ग्राम अदनार के उत्तर-पश्चिम दिशा में जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए एक पुराने डंप के संबंध में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद
डंप की तलाशी लेने पर सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री मिली। बरामद सामग्री में .303 राइफल 1 नग, .315 राइफल 4 नग और 12 बोर राइफल 5 नग शामिल हैं। इसके अलावा 2 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, 1 टेलिस्कोपिक साइट और 13 जीवित बीजीएल शेल भी बरामद किए गए हैं।
सुरक्षा बलों ने मौके से 12 बोर के 16 कारतूस तथा करीब 2 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ भी जब्त किया है। बरामद सामग्री के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुराने नक्सली डंप की तलाश जारी
नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके क्षेत्रों में भी सुरक्षा बलों द्वारा सतत सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। जंगलों और दुर्गम इलाकों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक डंप की तलाश की जा रही है।
सुरक्षा बलों का उद्देश्य नक्सल गतिविधियों के बचे हुए अवशेषों को पूरी तरह समाप्त कर जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में स्थायी शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत करना है। नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ के संयुक्त अभियानों से संवेदनशील एवं अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।