साइबर जागृति अभियान: कबीरधाम पुलिस ने वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर चलाया जागरूकता अभियान
कबीरधाम पुलिस ने ‘साइबर जागृति अभियान’ के दूसरे सप्ताह के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस टीमों ने बैंक कर्मचारियों, ग्राहकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन, UPI PIN, OTP और ATM PIN की गोपनीयता के साथ अनजान लिंक व APK फाइलों से बचने की जानकारी दी। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने की अपील की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम l जिले में साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के दूसरे सप्ताह में वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर जिले के विभिन्न स्थानों पर बैंक कर्मचारियों, ग्राहकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के तहत थाना कुंडा पुलिस ने सहकारी को-ऑपरेटिव बैंक कुंडा में बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी। साइबर थाना कबीरधाम की टीम ने ग्राम सरोधा स्थित गार्डन में आम नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए। थाना चिल्फी पुलिस ने स्टेट बैंक चिल्फी में बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के संबंध में जागरूक किया।
इसी तरह थाना पांडातराई पुलिस ने हाई स्कूल पांडातराई में विद्यार्थियों, पोड़ी चौकी पुलिस ने पीएम श्री आत्मानंद स्कूल पोड़ी में शिक्षकों एवं बच्चों, चौकी दशरंगपुर पुलिस ने जिला सहकारी बैंक दशरंगपुर में कर्मचारियों और ग्राहकों तथा दशरंगपुर हायर सेकंडरी स्कूल की छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। थाना बोडला पुलिस ने आत्मानंद स्कूल बोडला के विद्यार्थियों और थाना रेंगाखार पुलिस ने ग्राम उमरवाही में नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
UPI और डिजिटल लेनदेन में सतर्कता की अपील
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान पुलिस ने नागरिकों को UPI के सुरक्षित इस्तेमाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। लोगों को समझाइश दी गई कि वे अपना UPI PIN, OTP, ATM PIN और बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें।
पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी। नागरिकों को बताया गया कि साइबर ठग अक्सर फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक या अन्य माध्यमों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल पर बिना सत्यापन के प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए।
ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हो जाती है तो वह घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की राशि को होल्ड कराने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
पुलिस के अनुसार ‘साइबर जागृति अभियान’ का उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और बैंक ग्राहकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल लेनदेन के लिए प्रेरित करना है। अभियान के माध्यम से जिले में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।