पाइप से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, ड्राइवर की दबने से दर्दनाक मौत, वाहन हुआ चकनाचूर

छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र की भूमका घाटी में पाइप से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने जेसीबी की मदद से शव और मलबा बाहर निकाला।

Dec 14, 2025 - 14:28
 0  10
पाइप से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, ड्राइवर की दबने से दर्दनाक मौत, वाहन हुआ चकनाचूर

 UNITED NEWS OF ASIA. मध्यप्रदेश में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। आए दिन हो रहे सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। ताजा मामला छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र स्थित भूमका घाटी का है, जहां पाइप से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही दबने से मौत हो गई, जबकि वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा अलसुबह हुआ। ट्रक अमरवाड़ा से पाइप लेकर ग्राम विसापुर की ओर जा रहा था। भूमका घाटी के पास अचानक ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते वाहन तेज गति से खाई में गिर गया। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और उसमें लदे पाइप इधर-उधर बिखर गए।

हादसे में ट्रक चालक विजय सूर्यवंशी, निवासी सिहोरा, की ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और तत्काल प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीएम कार्यालय से नायब तहसीलदार चंद्रकांत भूरिया तथा अमरवाड़ा थाना प्रभारी नगर निरीक्षक राजेंद्र धुर्वे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन की मदद से खाई में गिरे ट्रक के मलबे को हटाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भूमका घाटी सड़क हादसों के लिए बेहद संवेदनशील क्षेत्र बन चुकी है। सड़क के दोनों ओर घनी झाड़ियां उगी हुई हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते और हादसे की आशंका बनी रहती है। कुछ दिन पहले इसी घाटी में ट्रक और बस की टक्कर भी हो चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार झाड़ियों की कटाई और सड़क सुरक्षा के इंतजामों की मांग की गई, लेकिन प्रशासन द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।

इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रख-रखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में झाड़ियों की कटाई, संकेतक बोर्ड लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।