टूर दे बलौदाबाजार साइक्लोथॉन 2025: 50 किलोमीटर की रोमांचक साइकिल यात्रा में खेल, संस्कृति और स्वास्थ्य का संगम

28 सितंबर 2025 को बलौदाबाजार में पहली बार आयोजित होने जा रहे “टूर दे बलौदाबाजार साइक्लोथॉन 2025” में 50 किलोमीटर की रोमांचक साइकिल यात्रा होगी। प्रतियोगिता में देशभर से 924 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। आयोजन खेल, स्वास्थ्य और जिले की संस्कृति व पर्यटन को जोड़ने का प्रयास है। प्रशासन ने प्रतिभागियों की सुरक्षा, हाईड्रेशन, मेडिकल सुविधाओं और मार्ग की स्पष्टता सुनिश्चित की है।

Sep 25, 2025 - 20:15
 0  10
टूर दे बलौदाबाजार साइक्लोथॉन 2025: 50 किलोमीटर की रोमांचक साइकिल यात्रा में खेल, संस्कृति और स्वास्थ्य का संगम

UNITED NEWS OF ASIA. चंद्रकांत वर्मा, बलौदाबाजार। बलौदाबाजार अब सिर्फ धान के खेतों और ग्रामीण जीवन के लिए ही प्रसिद्ध नहीं रहेगा। 28 सितंबर 2025 को यहां पहली बार आयोजित होने जा रहे “टूर दे बलौदाबाजार साइक्लोथॉन 2025” के तहत जिले में खेल, स्वास्थ्य और संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा।

विश्व पर्यटन दिवस और छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित इस साइक्लोथॉन में कुल 50 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। रूट में सोनबरसा वन विहार से शुरू होकर लटुवा, बलौदाबाजार, अर्जुनी, टोनाटार, करही बाजार और लगभग 20 गांवों से होकर पुनः सोनबरसा वन विहार पहुंचेगा। रूट पर 10 विशेष पॉइंट बनाए गए हैं जहां ग्रामीण और महिला समूह साइक्लिस्टों का उत्साहवर्धन करेंगे।

कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि जिले की संस्कृति, पर्यटन और स्वास्थ्य संदेश को जोड़ने का प्रयास है। प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए 15 पुलिस पेट्रोलिंग पॉइंट, 10 हाईड्रेशन पॉइंट और प्रशिक्षित मेडिकल टीम व एम्बुलेंस का इंतजाम किया गया है।

वन विभाग के डीएफओ गणवीर धम्मशील ने बताया कि साइक्लोथॉन के रूट का चयन इस तरह किया गया है कि प्रतिभागी चुनौतीपूर्ण मार्ग के साथ जिले के प्राकृतिक और सांस्कृतिक आकर्षणों का अनुभव भी कर सकें।

इस बार की प्रतियोगिता में देशभर से करीब 924 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता में जिले के निवासियों और अन्य जिले/राज्य के प्रतिभागियों के लिए अलग श्रेणियां होंगी। प्रत्येक श्रेणी में पुरुष और महिला प्रतिभागियों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे।

प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण शुरू कर दिया है और स्थानीय बच्चों ने स्कूलों से बैनर और पोस्टर बनाकर स्वागत की तैयारियां की हैं। आयोजक अधिकारियों ने प्रतिभागियों की सुविधा, मार्ग की स्पष्टता और ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इस साइक्लोथॉन के माध्यम से बलौदाबाजार का नाम देशभर में चमकेगा और ग्रामीण क्षेत्रों की संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता को भी पूरे देश में प्रदर्शित किया जाएगा।