चांदी की माला झपटमारी और सोने की पत्ती चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम जिले की चौकी पोडी पुलिस ने चांदी की माला झपटमारी और सोने की पत्ती चोरी के मामलों में संलिप्त आरोपी गुलाबचंद राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग चांदी का रूपया और एक नग सोने की पत्ती बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राधेलाल चतुर्वेदी और अन्य के साथ मिलकर दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी और उसके साथी जुए में रुपये हारने के बाद कर्ज में आ गए थे और कर्ज चुकाने के लिए चोरी व झपटमारी की योजना बनाई थी।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चौकी पोडी पुलिस ने चांदी की माला झपटमारी और सोने की पत्ती चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी गुलाबचंद राय पिता भुनेश्वर राय, उम्र 22 वर्ष, निवासी बैहरसरी, चौकी पोडी, थाना बोडला, जिला कबीरधाम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक नग चांदी का रूपया और एक नग सोने की पत्ती बरामद की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कारेसरा निवासी रामबनवास साहू ने चौकी पोडी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच ग्राम कारेसरा में रोशन कोटवार के खेत के पास उसकी चाची अमृत बाई के गले में पहनी 9 नग चांदी की रूपया माला को दो मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्तियों ने झपट लिया था। आरोपियों ने महिला पर धारदार वस्तु से वार किया और घटना के बाद मौके से फरार हो गए थे। रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 178/2025, धारा 304, 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसी दौरान थाना पिपरिया के अपराध क्रमांक 215/2026 में गिरफ्तार आरोपी राधेलाल चतुर्वेदी से पूछताछ की गई। पूछताछ में राधेलाल ने ग्राम बैहरसरी निवासी गुलाबचंद राय के साथ मिलकर चांदी की माला झपटमारी की घटना को अंजाम देना बताया।
जानकारी मिलने के बाद चौकी पोडी पुलिस ने गुलाबचंद राय की पतासाजी कर उसे उसके निवास से चौकी लाकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह राधेलाल चतुर्वेदी का दोस्त है। दोनों जुए में रुपये हारने के कारण कर्ज में आ गए थे। कर्ज चुकाने के लिए दोनों ने चोरी और झपटमारी करने की योजना बनाई थी। आरोपी के कथन के अनुसार 6 नवंबर 2025 को दोनों राधेलाल की मोटरसाइकिल से ग्राम कारेसरा पहुंचे थे। वहां एक महिला के गले में चांदी की माला देखकर राधेलाल ने माला झपट ली और धारदार हसिया से महिला पर वार किया। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। झपटमारी से मिले चांदी के रूपयों में से एक-एक रूपया दोनों ने आपस में बांट लिया।
पूछताछ के दौरान गुलाबचंद राय ने 11 अप्रैल 2026 को ग्राम गण्डईकला मोड़ के पास एक बुजुर्ग महिला के गले में पहनी सोने की पत्ती चोरी करने की घटना में भी शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह राधेलाल चतुर्वेदी और नैनदास के साथ मोटरसाइकिल से घटनास्थल पहुंचा था। मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बहाने महिला के पास जाकर हसिया की मदद से उसके गले में पहनी माला को काटकर सोने की पत्तियां चोरी की गई थीं।
आरोपी के मेमोरेण्डम कथन और उसके द्वारा प्रस्तुत सामग्री के आधार पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में एक नग चांदी का रूपया और एक नग सोने की पत्ती विधिवत जब्त कर ली। पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी की संलिप्तता से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गुलाबचंद राय को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड पर भेजा गया है। मामले में विवेचना जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
कबीरधाम पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी एवं पारंपरिक पुलिसिंग के माध्यम से लगातार कार्रवाई की जा रही है।