कवर्धा की बेटियों ने राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में जीते 6 पदक, जिले का बढ़ाया मान

कवर्धा जिले की छह बेटियों ने राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। सीमित संसाधनों और मात्र दो माह के प्रशिक्षण के बावजूद खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

Jun 23, 2026 - 12:11
 0  4
कवर्धा की बेटियों ने राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में जीते 6 पदक, जिले का बढ़ाया मान

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता में कवर्धा जिले की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया है। इंटरनेशनल ओलंपिक डे सेलिब्रेशन के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की छह खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और तीन रजत तथा तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि की पूरे जिले में सराहना हो रही है।

विशेष बात यह रही कि इन खिलाड़ियों ने अत्यंत सीमित संसाधनों के बीच मात्र दो माह के प्रशिक्षण के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। कई खिलाड़ियों के पास प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आवश्यक कराटे किट तक उपलब्ध नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने हौसला नहीं खोया और अन्य राज्यों से आए खिलाड़ियों से किट उधार लेकर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

माँ भारतीय एकेडमी की कराटे प्रशिक्षक ज्योति बघेल ने बताया कि प्रशिक्षण की शुरुआत केवल दो माह पहले की गई थी। खिलाड़ियों ने प्रतिदिन चार से पांच घंटे अभ्यास कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक का सफर तय किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास ही उनकी सफलता का सबसे बड़ा कारण है।

प्रतियोगिता में झारखंड, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के अनुभवी और पेशेवर खिलाड़ियों ने भाग लिया था। ऐसे प्रतिस्पर्धी माहौल में कवर्धा की बेटियों ने बिना किसी भय के अपने कौशल का प्रदर्शन कर पदक हासिल किए। प्रशिक्षकों के अनुसार खिलाड़ियों ने कठिन मुकाबलों में भी शानदार खेल भावना और आत्मविश्वास का परिचय दिया।

माँ भारतीय एकेडमी के संचालक अश्वनी यदु ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधायक भावना बोहरा के सहयोग से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला। रायपुर में खिलाड़ियों के रहने और भोजन की व्यवस्था भी उनके सहयोग से सुनिश्चित हो सकी, जिससे खिलाड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

अश्वनी यदु ने बताया कि लक्ष्य पब्लिक स्कूल के संस्थापक भूषण तिवारी द्वारा प्रशिक्षण के लिए स्थान उपलब्ध कराया गया, जहां सुबह से नियमित अभ्यास कराया गया। स्कूल परिसर में सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षित वातावरण के कारण खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सका।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाली खिलाड़ियों में यशश्विनी यदु (जैतपुरी), संस्कृति केशरवानी (प्राण खैरा), दामिनी यादव (प्राण खैरा), रागिनी निर्मलकर (प्राण खैरा), डिंपल साहू (कोदवाकला) और कामनी निषाद (अतरिया खुर्द) शामिल हैं। सभी खिलाड़ियों को क्षेत्रवासियों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को जिले के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। प्रशिक्षकों ने विश्वास जताया कि भविष्य में इन बेटियों को और बेहतर प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।