केशरवानी समाज ने धूमधाम से मनाई महर्षि कश्यप जयंती, जरूरतमंदों की मदद के लिए वेलफेयर ट्रस्ट में सहयोग
दुर्ग-भिलाई में छत्तीसगढ़ केशरवानी समाज ने महर्षि कश्यप जयंती मनाई। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, शिक्षा और समाज के आर्थिक-सांस्कृतिक विकास पर जोर दिया गया। समाज के जरूरतमंद लोगों और गरीब बच्चों की सहायता के लिए वेलफेयर ट्रस्ट एवं आपदा राहत कोष की जानकारी दी गई। तीन सदस्यों ने 25-25 हजार रुपये की सहयोग राशि देकर आजीवन सदस्यता ग्रहण की।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l छत्तीसगढ़ केशरवानी समाज दुर्ग-भिलाई की ओर से रविवार को दुर्ग रेलवे स्टेशन के सामने स्थित इंडियन कॉफी हाउस के बैठक हॉल में महर्षि कश्यप जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, सदस्यों और बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित सदस्यों के तिलक और पुष्पगुच्छ से स्वागत के साथ हुई। इसके बाद महर्षि कश्यप की पूजा-अर्चना, आरती और गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संगीता केशरवानी ने किया। समाज की होनहार बालिकाओं ने मनमोहक नृत्य और गणेश वंदना की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष निलेश गुप्ता, उपाध्यक्ष घनश्याम केशरवानी, नगर सभा अध्यक्ष आनंद गुप्ता, संरक्षक सूर्यकांत गुप्ता, सुनील गुप्ता, प्रफुल्ल कुमार गुप्ता और बांके बिहारी केशरवानी सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। महिला सभा की पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष निलेश गुप्ता ने सामाजिक एकता, शिक्षा तथा समाज की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उन्नति पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वेलफेयर ट्रस्ट और आपदा राहत कोष के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। उपाध्यक्ष घनश्याम केशरवानी ने समाज को संगठित करने और सामाजिक उत्थान के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। संरक्षक सूर्यकांत गुप्ता और प्रफुल्ल कुमार गुप्ता ने भी समाज हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
वेलफेयर ट्रस्ट के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए समाज के सदस्यों से सहयोग का आह्वान किया गया। इस अवसर पर सूर्यकांत गुप्ता, सेवानिवृत्त जीएसटी अधिकारी, प्रफुल्ल कुमार गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर दुर्ग और स्वयं प्रकाश गुप्ता, बीएसपी अधिकारी ने 25-25 हजार रुपये की सहयोग राशि देकर केशरवानी छत्तीसगढ़ वेलफेयर ट्रस्ट की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। ट्रस्ट में सारिका गुप्ता, पद्मिनी और मुकेश गुप्ता पहले से सक्रिय सदस्य के रूप में जुड़े हुए हैं।
कार्यक्रम के दौरान तहसीलदार से डिप्टी कलेक्टर पद पर पदोन्नत हुए प्रफुल्ल कुमार गुप्ता का प्रदेश अध्यक्ष निलेश गुप्ता और उपाध्यक्ष घनश्याम केशरवानी ने पुष्पगुच्छ भेंटकर और तिलक लगाकर सम्मान किया। साथ ही कोरबा में प्रदेश तरुण सभा द्वारा आयोजित प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह में शामिल नहीं हो सके प्रतिभावान बच्चों को भी मंच पर प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें अपूर्वा गुप्ता, प्रणव गुप्ता, आयुषी गुप्ता और अर्चना गुप्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम का आयोजन वैश्य समाज के नगर अध्यक्ष आनंद गुप्ता और प्रदेश उपाध्यक्ष सारिका गुप्ता के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समाज की महिला पदाधिकारियों, युवाओं और अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों की उपस्थिति रही और सामाजिक एकता, सेवा तथा जरूरतमंदों की सहायता के संकल्प के साथ आयोजन संपन्न हुआ।