आर्यन वर्ल्ड स्कूल खैरपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
खैरपुर स्थित आर्यन वर्ल्ड स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस भव्य, गरिमामय और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य, फैंसी ड्रेस और एकल अभिनय आकर्षण का केंद्र रहे।
UNITED NEWS OF ASIA.महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ खैरपुर। खैरपुर स्थित आर्यन वर्ल्ड स्कूल के परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि डॉ. राजू अग्रवाल, संस्था निर्देशक एच. एल. यादव, निर्देशिका सीमा यादव, समिति सदस्य राशिद खान, दीपक सिंह ठाकुर, लेखक एस. एन. श्रीवास्तव एवं संस्था संचालक के सुपुत्र साहिल यादव की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके पश्चात पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। इसके बाद विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
प्रथम एवं द्वितीय कक्षा के विद्यार्थियों ने देश के महान चरित्रों पर आधारित आकर्षक फैंसी ड्रेस प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम कक्षा के बच्चों ने समूह नृत्यों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।
सप्तम, अष्टम एवं नवमी कक्षा के छात्र-छात्राओं ने “ऐसा देश है मेरा” एवं “जलवा तेरा जलवा” जैसे देशभक्ति गीतों पर ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को जोश और उत्साह से भर दिया। प्राथमिक खंड के बच्चों ने देशभक्ति गीतों एवं कविताओं की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा तृतीय की छात्रा नोंविका द्वारा प्रस्तुत झांसी की रानी का जीवंत एकल अभिनय रहा, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और सभागार तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का मंच संचालन छात्र नैतिक एवं आशीष ने प्रभावशाली ढंग से किया। मुख्य अतिथि डॉ. राजू अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को देशभक्ति, अनुशासन एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। वहीं एस. एन. श्रीवास्तव ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
विद्यालय के निदेशक महोदय ने सभी छात्र-छात्राओं को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।