सुकमा में आत्मसमर्पित माओवादियों को मिला नया जीवन–पथ, 5G स्मार्टफोन वितरित

सुकमा के नक्सल पुनर्वास केंद्र में 25 आत्मसमर्पित नक्सलियों को आधुनिक 5G स्मार्टफोन वितरित किए गए, जिससे वे तकनीकी रूप से सशक्त होकर मुख्यधारा से जुड़ सकें।

Nov 26, 2025 - 10:58
 0  38
सुकमा में आत्मसमर्पित माओवादियों को मिला नया जीवन–पथ, 5G स्मार्टफोन वितरित

 UNITED NEWS OF ASIA. पवन कुमार, सुकमा | में पुनर्वास एवं मुख्यधारा से जोड़ने के सरकारी प्रयासों को मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा के मार्गदर्शन में आज नक्सल पुनर्वास केंद्र सुकमा में 25 आत्मसमर्पित नक्सलियों को उच्च गुणवत्तापूर्ण 5G स्मार्टफोन प्रदान किए गए। यह वितरण कलेक्टर  देवेश कुमार ध्रुव और एसपी  किरण चव्हाण के निर्देशन में किया गया।

 उल्लेखनीय है कि 22 नवंबर को सुकमा प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने पुनर्वास केंद्र में रह रहे सभी लोगों को आधुनिक 5G मोबाइल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे, ताकि वे तकनीकी रूप से सक्षम होकर समाज की मुख्यधारा से और आसानी से जुड़ सकें। इसी क्रम में आज डिप्टी कलेक्टर  मधु तेता एवं डीएसपी मोनिका श्याम द्वारा 25 पुनर्वासित युवाओं को सैमसंग गैलेक्सी M06 5G मोबाइल प्रदान किए गए, जिनमें 50 मेगापिक्सल डुअल कैमरा और 5000 mAh बैटरी जैसे उन्नत फीचर्स शामिल हैं। इस पहल को नक्सलवाद विरोधी अभियान में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य पुनर्वासित लोगों को तकनीकी सक्षम बनाकर उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और आधुनिक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।

अब ये आत्मसमर्पित युवा ऑनलाइन शिक्षा, कौशल विकास कार्यक्रमों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ सकेंगे। साथ ही आधुनिक खेती, छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार के नए अवसरों का लाभ भी उठा पाएंगे। जिला प्रशासन ने बताया कि शेष पुनर्वासित लोगों को भी शीघ्र 5G स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल न केवल तकनीकी सुविधा उपलब्ध कराएगी, बल्कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।