नगरीय निकायों में SIR प्रगति बढ़ाने फील्ड मॉनिटरिंग पर सक्रिय अफसर – कलेक्टर गोपाल वर्मा

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिले में चल रहे SIR फॉर्म कलेक्शन और डिजिटाइजेशन की प्रगति बढ़ाने हेतु फील्ड मॉनिटरिंग तेज करने, पीएम आवास और अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा करने तथा अपार आईडी और आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Nov 25, 2025 - 18:29
 0  24
नगरीय निकायों में SIR प्रगति बढ़ाने फील्ड मॉनिटरिंग पर सक्रिय अफसर – कलेक्टर गोपाल वर्मा

 UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर  गोपाल वर्मा ने सभी अफसरों से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के तहत जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण में फॉर्म कलेक्शन और डिजिटाइजेशन में प्रगति को बढ़ाने की आवश्यकता है। विशेषकर नगरीय निकायों में जहां मतदाताओं की संख्या अधिक है, वहां अतिरिक्त मानव संसाधन लगाकर फॉर्म एकत्र कर तुरंत ऑनलाइन अपडेट किया जाए।

उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी से कहा कि नगरीय निकायों और जिन ग्रामीण क्षेत्रों में प्रगति धीमी है, वहां अतिरिक्त मैन पावर लगाई जाए और मॉनिटरिंग के लिए अधिकारी फील्ड पर सक्रियता से नियमित निरीक्षण करें। कलेक्टर  वर्मा ने पीएम आवास निर्माण की प्रगति को लेकर सभी सीईओ जनपदों से जानकारी ली और कहा कि स्वीकृत सभी आवास अविलंब प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने जनपद स्तर पर मॉनिटरिंग सिस्टम बनाने और तकनीकी सहायक सहित स्टाफ को निरंतर फील्ड निरीक्षण कर अपडेट देने के निर्देश दिए। जहां किसी भी आवास निर्माण में दिक्कत हो, उसका तत्काल समाधान करवाया जाए। आवासों का पूरी गुणवत्ता के साथ त्वरित निर्माण पूर्ण करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने नगर पालिका द्वारा कवर्धा शहर में चौपाटी निर्माण, लोक निर्माण विभाग द्वारा बायपास मार्ग में चल रहे सड़क निर्माण और अन्य विभागों के प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की और यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में सुचारू संचालन सुनिश्चित करने, पीएम जनमन योजना के तहत मल्टी परपज सेंटर और आंगनबाड़ी निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षाधिकारी से कहा कि अपार आईडी निर्माण तेजी से पूर्ण किया जाए, जन्म प्रमाण पत्र की अनुपलब्धता से जुड़ी दिक्कतें तहसीलदारों के माध्यम से हल की जाएं और आयुष्मान कार्ड निर्माण में स्वास्थ्य अमले को तेजी लाने के निर्देश दिए।

 विशेष पिछड़ी जनजाति के आधार अपडेशन हेतु कैंप आयोजित करने के लिए सहायक आयुक्त ट्राइबल को निर्देशित किया गया। बैठक में जल जीवन मिशन कार्यों पर भी चर्चा हुई और विभागीय अधिकारियों को जमीनी क्रियान्वयन में कसावट लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि ओवर हेड टैंक और पाइपलाइन निर्माण के साथ नल कनेक्शन लगाने का काम भी समान रूप से आवश्यक है और प्रोजेक्ट पूरा होने पर टेस्ट रन कर हैंडओवर किया जाए।