समाज की प्रगति के लिए संगठित रहना आवश्यक – वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन

छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने दुर्ग में आयोजित माँ परमेश्वरी महोत्सव में देवांगन समाज से एकजुट होकर शिक्षा, व्यापार और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास के हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है।

Feb 22, 2026 - 11:10
 0  5
समाज की प्रगति के लिए संगठित रहना आवश्यक – वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन

UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू , कोरबा |  छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर तथा श्रम विभाग मंत्री लखन लाल देवांगन आज दुर्ग में देवांगन जनकल्याण समिति दुर्ग द्वारा आयोजित माँ परमेश्वरी महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने देवांगन समाज की ईष्ट देवी माँ परमेश्वरी की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

महोत्सव को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए संगठित रहना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होकर चलता है, तभी शिक्षा, व्यापार, शासकीय सेवा और राजनीति जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि कई समाजों ने संगठन और शिक्षा के बल पर उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन कुछ समाज अभी भी पीछे हैं। ऐसे में सभी वर्गों को मिल-जुलकर कार्य करने की जरूरत है, ताकि समाज का हर व्यक्ति आगे बढ़ सके।

मंत्री देवांगन ने विशेष रूप से बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाती है। उन्होंने कहा कि आज का युग प्रतिस्पर्धा का है और यदि समाज को भविष्य में मजबूत बनाना है तो बच्चों को बेहतर शिक्षा और उचित मार्गदर्शन देना आवश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी यही उद्देश्य है कि समाज का प्रत्येक वर्ग आगे बढ़े। उन्होंने प्रधानमंत्री के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र को दोहराते हुए समाज के सर्वांगीण विकास की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने देवांगन समाज को सुलझा हुआ और जागरूक समाज बताते हुए कहा कि यह समाज लंबे समय से व्यापार, कृषि और वस्त्र निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता आ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से जांजगीर-चांपा क्षेत्र में कोसा व्यापार में देवांगन समाज की भूमिका को सराहनीय बताया।

उन्होंने कहा कि कोई भी समाज तभी आगे बढ़ता है, जब वह संगठित और मजबूत होकर कार्य करता है। इसके लिए शिक्षा को आधार बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण समाज के होनहार बेटा-बेटी आगे नहीं बढ़ पाते। ऐसे में समाज को ऐसी व्यवस्था विकसित करनी चाहिए, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि समाज को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला समाज बनना चाहिए।

इस अवसर पर खादी ग्रामोद्योग अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने महिलाओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज और प्रदेश का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम में देवांगन समाज के अध्यक्ष पुराणिक लाल देवांगन, कमलेश देवांगन, संकटलाल देवांगन, अशोक देवांगन, कल्पना देवांगन, तुलसी साहू सहित समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और समाजजन उपस्थित रहे।