इस पहल की शुरुआत थाना सहसपुर लोहारा से हुई थी। इसके बाद कुण्डा, पिपरिया और पंडरिया थाना क्षेत्रों में भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय को थाना स्तर पर संचालित किया जा चुका है। पहल का उद्देश्य जिला मुख्यालय तक सीमित पुलिसिंग को थाना स्तर तक पहुंचाना और स्थानीय परिस्थितियों, समस्याओं तथा पुलिसिंग से जुड़ी आवश्यकताओं को नजदीक से समझना है।
थाना रेंगाखार जंगल पहुंचने के बाद पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की। वनांचल क्षेत्र की भौगोलिक एवं स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने पर जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, प्रभावी गश्त करने और जरूरत के समय नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना रेंगाखार जंगल की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। इस दौरान क्षेत्र में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों, कानून-व्यवस्था तथा पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली गई। अधिकारी-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, नागरिक और महिला-पुरुष थाना परिसर पहुंचे और पुलिस अधीक्षक से सीधे संवाद किया। पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय लोगों से क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं और गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। संवाद के दौरान महिलाओं ने सार्वजनिक एवं खुले स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई बढ़ाने तथा नशा मुक्ति अभियान चलाने का आग्रह किया। पुलिस अधीक्षक ने प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना रेंगाखार जंगल में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से भी संवाद किया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों, कार्य संबंधी आवश्यकताओं और विभागीय विषयों की जानकारी ली। उन्होंने अनुशासन, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने तथा नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी रेंगाखार जंगल निरीक्षक अरविंद साहू सहित जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। “एक थाना–एक सप्ताह” पहल के तहत अब तक पांच थाना क्षेत्रों में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का संचालन किया जा चुका है। कबीरधाम पुलिस के अनुसार, आगे भी जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में यह पहल जारी रखते हुए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और उत्तरदायी बनाने का प्रयास किया जाएगा।