डोडा तस्करी में आरोपी श्रवण बिसनोई गिरफ्तार, 200 ग्राम मादक पदार्थ जब्त
रायपुर पुलिस ने विशेष अभियान के तहत डोडा बेचने की फिराक में घूम रहे आरोपी श्रवण बिसनोई को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 200 ग्राम डोडा जब्त किया। आरोपी राजस्थान का निवासी है।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, रायपुर। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों, राजपत्रित अधिकारियों और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीमों को नशे के कारोबारियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा मुखबिरों के माध्यम से लगातार निगरानी, पेट्रोलिंग और सूचना संग्रह किया जा रहा है।
इसी तारतम्य में थाना खमतराई को 19 नवंबर को सूचना मिली कि खमतराई बाजार के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ डोडा बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्रवण पिता महीराम बिसनोई (उम्र 29 वर्ष), निवासी जालेली फौजदारी, थाना डांगीया, जिला जोधपुर (राजस्थान), हाल निवास ट्रांसपोर्ट नगर रावाभाठा, थाना खमतराई, रायपुर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से काले प्लास्टिक झिल्ली में रखा 200 ग्राम मादक पदार्थ डोडा, जिसकी कीमत लगभग ₹5,000 है, बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1193/25, धारा 15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के लिए अदालत में पेश किया गया। पुलिस का नशा विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा।