रायपुर के गुढ़ियारी में 17 किलो गांजा के साथ यूपी के 02 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, गुढ़ियारी पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर थाना गुढ़ियारी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को 17.949 किलोग्राम गांजा के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।

Feb 13, 2026 - 18:46
 0  8
रायपुर के गुढ़ियारी में 17 किलो गांजा के साथ यूपी के 02 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, गुढ़ियारी पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। थाना गुढ़ियारी पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 किलो 949 ग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना गुढ़ियारी क्षेत्रांतर्गत रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पास की गई, जहां दोनों आरोपी बैग में गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में थे।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के दिशा-निर्देश में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। इसी क्रम में दिनांक 12 फरवरी 2026 को थाना गुढ़ियारी की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पास दो संदिग्ध व्यक्ति गांजा लेकर मौजूद हैं।

सूचना की पुष्टि के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा द्वारा तत्काल संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद थाना गुढ़ियारी पुलिस ने आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर मौके पर दबिश दी।

संयुक्त टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को चिन्हांकित कर पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम राघवेन्द्र सिंह एवं झम्मन सिंह, निवासी उत्तर प्रदेश बताया। जब उनके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में गांजा पाया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 17 किलो 949 ग्राम गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त 03 नग मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख 27 हजार रुपये बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश ले जाकर उसकी तस्करी कर रहे थे।

पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 45/2026 के तहत धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—

  1. राघवेन्द्र सिंह, पिता नेत्रपाल सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी बिछुपुरवा, तहसील अकबरपुर, थाना गजनेर, जिला कानपुर देहात, उत्तर प्रदेश।
  2. झम्मन सिंह, पिता स्व. महावीर सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम बरानदी, पोस्ट जराली, थाना हरदुआगंज, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और अंतर्राज्यीय तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।