रायपुर में 300 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख की सामग्री जब्त

रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को 300 प्रतिबंधित नाईट्रोसन-10 नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से टेबलेट, मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और पूछताछ में जुटी है।

Jul 5, 2026 - 13:28
 0  2
रायपुर में 300 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख की सामग्री जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स तथा गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना गोलबाजार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 300 नग नाईट्रोसन-10 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, दो मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब एक लाख पचास हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि गोलबाजार थाना क्षेत्र स्थित दाई कोरा भवन के सामने कुछ युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान की।

पुलिस को देखते ही तीनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान मोह. असपाक, शिवम ढीमर और तुषार ढीमर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके बैग से 300 नग नाईट्रोसन-10 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद हुई। जब पुलिस ने इन टेबलेटों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और लगातार पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित टेबलेट के अलावा चार सौ रुपये नकद और मामले से संबंधित दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग एक लाख पचास हजार रुपये आंकी गई है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ गोलबाजार थाना में अपराध क्रमांक 105/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम की धारा 22(ख) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला नशीली दवाओं की अवैध बिक्री से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। अब गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस इस मामले में एंड-टू-एंड जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई गई है।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।