नारायणपुर में घटिया सड़क निर्माण का आरोप, एक महीने में उखड़ने लगी सड़क और ढही पुलिया
नारायणपुर जिले के हितुलवाड़ गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही सड़क एक महीने में ही उखड़ने लगी है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर / छोटेडोंगर। नारायणपुर जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन द्वारा सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गांवों को शहर से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन कुछ ठेकेदारों की लापरवाही के कारण इन योजनाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
मामला मढ़ोनार ग्राम पंचायत के आश्रित गांव हितुलवाड़ का है, जहां प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मढ़ोनार से हितुलवाड़ तक लगभग 7 किलोमीटर लंबी डामरीकृत सड़क का निर्माण दंगल बिल्डर्स हरियाणा द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि दशकों बाद गांव को पक्की सड़क की सुविधा मिल रही है, जिससे लोगों में खुशी है, लेकिन ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य किए जाने से सड़क बनने के कुछ ही दिनों में उखड़ने लगी है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य अभी भी प्रगति पर है, लेकिन मात्र एक महीने के भीतर ही सड़क से डामर और गिट्टी निकलने लगी है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कई बार ठेकेदार के मुंशी से गुणवत्ता सुधारने की मांग की, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं किया गया है। इस स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क निर्माण में सुधार नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस मार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान पुल-पुलिया का निर्माण भी किया गया था, लेकिन एक माह के भीतर ही एक पुलिया ढह जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले सड़क निर्माण के लिए गिट्टी लेकर जा रही एक टिप्पर जैसे ही पुलिया के पास पहुंची, पुल अचानक ढह गया और टिप्पर मिट्टी में फंस गई। हालांकि बाद में किसी तरह वाहन को निकाला गया और क्षतिग्रस्त पुलिया को मिट्टी डालकर अस्थायी रूप से पाट दिया गया।
घटना के बाद हितुलवाड़ के ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा गुणवत्तापूर्ण सड़क और पुल निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।