Raipur News : 8 फरवरी से शुरू होगा “मिशन महिला शक्ति” महाअभियान, एक माह तक चलेगा जागरूकता अभियान
महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान को लेकर “मिशन महिला शक्ति” महाअभियान 8 फरवरी से रायपुर में शुरू होगा। यह अभियान अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च तक झुग्गी बस्तियों में जागरूकता फैलाएगा।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर, छत्तीसगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर से पूर्व महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर व्यापक जनजागृति अभियान “मिशन महिला शक्ति – महिला अधिकार, सुरक्षा एवं सम्मान महाअभियान” की शुरुआत 8 फरवरी 2026 से की जा रही है। उत्कल महिला महामंच, छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष सावित्री जगत के नेतृत्व में यह अभियान राजधानी रायपुर से प्रारंभ होकर एक माह तक संचालित किया जाएगा।
यह महाअभियान विशेष रूप से राजधानी की झुग्गी बस्तियों में निवासरत वंचित एवं जरूरतमंद महिलाओं तक सीधा संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को समझने और उन्हें संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा। अभियान के तहत संगठन की स्वयंसेविकाएं रायपुर की 100 से अधिक झुग्गी बस्तियों में जाकर हजारों महिलाओं से प्रत्यक्ष संपर्क करेंगी।
अभियान के दौरान महिलाओं की व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को सुनकर उन्हें शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
इसके अलावा महिलाओं को घरेलू हिंसा अधिनियम, यौन उत्पीड़न से संरक्षण कानून और संपत्ति में महिला अधिकार जैसे महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी देकर उन्हें कानूनी रूप से सशक्त बनाया जाएगा। समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान भी किया जाएगा, ताकि अन्य महिलाओं को प्रेरणा मिल सके।
अभियान के अंतर्गत पूरे माह विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाएं, महिला सम्मेलन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर सामूहिक चर्चा के माध्यम से समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष सावित्री जगत ने कहा कि “मिशन महिला शक्ति केवल जागरूकता अभियान नहीं, बल्कि एक जमीनी आंदोलन है। हमारा उद्देश्य उन महिलाओं तक पहुंचना है जो आज भी अपने अधिकारों से अनजान हैं। हम उनकी आवाज बनकर उन्हें सशक्त करने और महिला सशक्तिकरण को धरातल पर साकार करने का प्रयास करेंगे।”
यह महाअभियान महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने, सुरक्षा का भरोसा दिलाने और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।