मैनपुर में जश्ने यौमे विलादत हुजूर अमीने शरीअत का भव्य आयोजन, हजारों की मौजूदगी में मुफ्ती सलमान रजा खान का शानदार स्वागत
मैनपुर में मुस्लिम समाज द्वारा आयोजित जश्ने यौमे विलादत हुजूर अमीने शरीअत कार्यक्रम में हजारों लोगों की उपस्थिति रही। मौलाना मुफ्ती सलमान रजा खान का भव्य स्वागत मोटरसाइकिल रैली के साथ किया गया। कार्यक्रम देर रात तक चला, जिसमें नात शरीफ और तकरीर पेश की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. रुपेश साहू, गरियाबंद। तहसील मुख्यालय मैनपुर नगर में मुस्लिम समाज द्वारा रविवार को जश्ने यौमे विलादत हुजूर अमीने शरीअत कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ सहित ओडिशा और आसपास के जिलों — गरियाबंद, देवभोग, छुरा, राजिम, धमतरी, नगरी और सिहावा से हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर में हुई जब हजरत अल्लामा मौलाना मुफ्ती मोहम्मद सलमान रजा खान साहब का काफिला मैनपुर पहुंचा। नगर में उनके स्वागत के लिए 5 किलोमीटर लंबी मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। मुस्लिम युवाओं ने नारों और फूलों से स्वागत कर माहौल को धार्मिक उल्लास से भर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आयोजन रात 8 बजे से प्रारंभ हुआ, जो सुबह 4 बजे तक चला। इस दौरान देश के नामचीन नातख्वानों और उलमाओं ने नात शरीफ और तकरीर पेश की। मौलाना सलमान रजा खान ने अपनी नूरानी तकरीर में समाज में अमन, भाईचारा और इंसानियत का संदेश दिया और देश-प्रदेश की खुशहाली के लिए दुआ की।
मुख्य अतिथि के रूप में खलीफा-ए-अमीन-ए-शरीअत हजरत अल्लामा मौलाना अब्दुल मुग्नी रजवी साहब (केशकाल), नातख्वान अकरम रजा मुजीबी (हैदराबाद), नईम रजा तहसीनी (बरेली शरीफ) और मौलाना गुलाम मोहियुद्दीन रजवी (भिलाई) ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर रजा मुस्लिम समाज मैनपुर के जाहिद रजा, नजीब बेग, सुल्तान मेमन, हबीब मेमन, अनीश सोलंकी, गुलाम मुस्तफा, अजहर मेमन सहित सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनसमुदाय में उत्साह का माहौल रहा। विशेष रूप से आयोजित ड्रॉ में 21 लोगों का चयन अजमेर शरीफ यात्रा के लिए किया गया।
मैनपुर में हुआ यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि इसने समाज में एकता, सद्भाव और मोहब्बत का संदेश भी दिया।