उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी के परसवारा में महारानी दुर्गावती की प्रतिमा का किया अनावरण, विकास कार्यों की दी सौगात

लोरमी विधानसभा के परसवारा गांव में उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने महारानी दुर्गावती जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया और सिद्धीविनायक महाविद्यालय परिसर निर्माण का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने मंगल भवन और सीसी रोड निर्माण के लिए कुल 35 लाख रुपए की घोषणाएं कीं और वीर नारायण सिंह के बलिदान को नमन किया।

Jan 18, 2026 - 16:51
 0  22
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी के परसवारा में महारानी दुर्गावती की प्रतिमा का किया अनावरण, विकास कार्यों की दी सौगात

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह,रायपुर | लोरमी उप मुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव ने आज लोरमी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम परसवारा में वीरता, स्वाभिमान और नारी शक्ति की प्रतीक महारानी दुर्गावती जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को नई दिशा देते हुए  सिद्धीविनायक महाविद्यालय परिसर के निर्माण हेतु विधिवत भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि महारानी दुर्गावती जी का जीवन साहस, नेतृत्व और आत्मसम्मान का जीवंत उदाहरण है। उनका संघर्ष और बलिदान आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को शौर्य, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का संदेश देती रहेगी।

इस अवसर पर श्री साव ने शहीद वीर नारायण सिंह जी के बलिदान दिवस कार्यक्रम में भी सहभागिता की और उन्हें नमन करते हुए कहा कि वीर नारायण सिंह ने मातृभूमि की रक्षा और जनकल्याण के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन हमें अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने की शक्ति देता है।

उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने लोरमी में मंगल भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपए तथा परसवारा में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की, जिससे ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए अरुण साव ने कहा कि सिद्धीविनायक महाविद्यालय की स्थापना से ग्रामीण अंचल में शिक्षा की नई अलख जगेगी। इससे युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। उन्होंने महाविद्यालय संचालन समिति, प्राचार्य एवं ग्रामवासियों को इस पहल के लिए बधाई दी।

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पीएम जनमन सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से सुदूर अंचलों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट एंबुलेंस रवाना की गई हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा, जनप्रतिनिधि, आदिवासी समाज के पदाधिकारी, भाजपा नेता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने क्षेत्र में विकास और सामाजिक चेतना का नया संदेश दिया।