नवसृजन मंच का अनोखा पहल: बिटिया जन्मोत्सव में 151 बेटियों के माता-पिता का सम्मान
नवसृजन मंच द्वारा आयोजित बिटिया जन्मोत्सव में 151 नवजात बेटियों के माता-पिता का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बेटियों के सम्मान, पोषण जागरूकता और सरकारी योजनाओं की जानकारी पर विशेष जोर दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | प्रदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था नवसृजन मंच द्वारा आयोजित “बिटिया जन्मोत्सव” कार्यक्रम ने समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और सम्मान का संदेश दिया। वृंदावन हाल सभागार में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में 10 दिन से लेकर 6 माह तक की 151 नन्हीं बेटियों के माता-पिता को सम्मानित किया गया। पूरे सभागार में मासूम किलकारियों की गूंज ने एक भावनात्मक और प्रेरणादायक माहौल बना दिया।
नवसृजन मंच द्वारा पिछले 12 वर्षों से इस आयोजन के माध्यम से बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित किया जा रहा है। संस्था अब तक हजारों परिवारों को सम्मानित कर चुकी है और समाज में बेटी के महत्व को स्थापित करने का सतत प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आईपीएस चंचल तिवारी और समाजसेवी नीतू सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
वर्णिका शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर बेटियों का सम्मान करना कन्या पूजन के समान पवित्र कार्य है। उन्होंने कहा कि इतनी छोटी बच्चियों की एक साथ किलकारी सुनना एक अद्भुत अनुभव है और ऐसे आयोजन हर शहर में होने चाहिए, जिससे समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हो।
कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से हुई, जिसमें 151 बेटियों की आरती उतारी गई और उन्हें माता स्वरूप मानकर चुनरी ओढ़ाई गई। इस दौरान मां दुर्गा का रूप धारण किए नन्ही बच्ची जसलीन कौर आकर्षण का केंद्र रही।
आहार विशेषज्ञ डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने माताओं को बच्चों के पोषण और आहार के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि बच्चे के जन्म के बाद मां का सही पोषण बेहद जरूरी है। उन्होंने खान-पान में लापरवाही न बरतने की सलाह दी।
इस अवसर पर संस्था द्वारा सभी 151 बेटियों के माता-पिता को सम्मान पत्र प्रदान किए गए और बेबी किट वितरित की गई, जिसमें फ्रॉक, साबुन, पाउडर, खिलौने, मच्छरदानी सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं।
साथ ही कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे सुकन्या योजना, नोनी योजना और मातृत्व समृद्धि योजना के स्टॉल लगाए गए। पोस्ट ऑफिस द्वारा बच्चियों के आधार कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कांतिलाल जैन और डॉ. प्रीति सतपथी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें चना-पूड़ी और हलवे का प्रसाद वितरित किया गया।
यह आयोजन न केवल बेटियों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि समाज को एक सकारात्मक दिशा देने वाला प्रेरणादायक संदेश भी दे गया।