1.72 करोड़ की लागत से मेन रोड से रौचन तक सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से मिली स्वीकृति

कबीरधाम जिले में 1 करोड़ 72 लाख 71 हजार रुपये की लागत से मेन रोड से रौचन तक 4.67 किमी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। यह स्वीकृति उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से मिली है।

Jan 29, 2026 - 17:24
 0  7
1.72 करोड़ की लागत से मेन रोड से रौचन तक सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से मिली स्वीकृति

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। कबीरधाम जिले में ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। मेन रोड से रौचन तक 4.67 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का आज विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस सड़क निर्माण कार्य पर 1 करोड़ 72 लाख 71 हजार रुपये की लागत आएगी। इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक  विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से प्राप्त हुई है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष  ईश्वरी साहू नितेश अग्रवाल एवं नंद श्रीवास ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष  ईश्वरी साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निरंतर और प्रभावी प्रयासों से कबीरधाम जिला आज शहर से लेकर गांव तक विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह सड़क निर्माण क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देगा।

 नितेश अग्रवाल ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होता है। मेन रोड से रौचन तक सड़क निर्माण लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाएगी।

अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस सड़क निर्माण को क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा, समय और ईंधन की बचत होगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी।

सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मेन रोड से रौचन के बीच संपर्क मजबूत होगा और आसपास के गांवों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। यह परियोजना न केवल यातायात सुविधा बढ़ाएगी बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी।