एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 4 किलो गांजा के साथ 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो गांजा के साथ एक महिला एवं एक पुरुष अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बाइक, मोबाइल फोन सहित 2.25 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

Jan 23, 2026 - 12:11
 0  10
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 4 किलो गांजा के साथ 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA.जगदीश पटेल,सरायपाली | महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में गांजा तस्करी के विरुद्ध एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 4 किलो मादक पदार्थ गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों—एक महिला एवं एक पुरुष—को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को अवैध गांजा परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर विधिवत कार्रवाई करते हुए दिनांक 22 जनवरी 2026 को थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपियों के संयुक्त कब्जे से कुल 4 किलोग्राम गांजा, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है, बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में पहला नाम सूरज गवारिया, पिता मानसिंह गवारिया, उम्र 19 वर्ष, निवासी कन्नी नगर नानता कोटा, थाना नानता, जिला बूंदी (राजस्थान) है। दूसरा आरोपी निर्मला धाकड़ उर्फ रानी, पति यादराम, उम्र 49 वर्ष, निवासी उद्योग नगर 223, अपना घर योजना, जेके नगर उद्योगपुरी कोटा, हाल मुकाम कन्नी नगर, थाना नानता, जिला बूंदी (राजस्थान) है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजा के अलावा परिवहन में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक RJ20BA8064, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये है, जब्त की है। साथ ही दो अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है, भी पुलिस ने जप्त किए हैं। इस प्रकार कुल जप्त संपत्ति की कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये है।

पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी अवैध रूप से गांजा की तस्करी कर रहे थे। आरोपियों का कृत्य नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत दंडनीय अपराध पाया गया। इसके पश्चात दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

गौरतलब है कि माह जनवरी 2026 में अब तक महासमुंद जिले में कुल 1920.610 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 9 करोड़ 60 लाख 33 हजार रुपये है, जब्त किया जा चुका है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा एंड-टू-एंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के साथ-साथ सोर्स पॉइंट और डेस्टिनेशन पॉइंट पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।