शासकीय जंगल भूमि को निजी बताकर ठगी करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता
बिलासपुर में सरकंडा पुलिस ने शासकीय जंगल एवं घास भूमि को निजी संपत्ति बताकर कूटरचित दस्तावेजों से लाखों की ठगी करने वाले फरार आरोपी नदीम अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले आठ माह से फरार था और कई मामलों में वांछित था।
UNITED NEWS OF ASIA.विष्णु, बिलासपुर | जिले में शासकीय घास एवं जंगल भूमि को निजी संपत्ति बताकर कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी बीते लगभग आठ माह से फरार चल रहा था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।
थाना सरकंडा में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 759/2025 एवं 760/2025 के तहत धारा 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि तथा अपराध क्रमांक 867/2025 के तहत धारा 420, 34 भादवि में प्रकरण दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नदीम अहमद (33 वर्ष), पिता वसीम अहमद, निवासी टिकरापारा, पुराने हाईकोर्ट के पीछे, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
ऐसे उजागर हुआ ठगी का मामला
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी मोहम्मद आज़म खान, निवासी कुसमुंडा, जिला कोरबा ने 26 मई 2025 को थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में ग्राम खमतराई स्थित भूमि को नदीम अहमद के माध्यम से मूल स्वामी बताकर 18 लाख 75 हजार रुपये में खरीदा गया था। पंजीयन के पश्चात जब नामांतरण के लिए आवेदन किया गया, तब तहसील कार्यालय से जानकारी मिली कि उक्त भूमि शासकीय जंगल भूमि है, जिसकी खरीदी-बिक्री कलेक्टर की अनुमति के बिना नहीं हो सकती। इस कारण नामांतरण निरस्त कर दिया गया।
कूटरचित दस्तावेजों से की गई कई सौदेबाज़ी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नदीम अहमद ने अपने साथियों श्रेयांश कौशिक एवं विश्वनाथ राय के साथ मिलकर शासकीय भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उसे निजी भूमि बताकर कई लोगों को बेचा। अन्य पीड़ितों की शिकायतों पर भी अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान आरोपी फरार था। 21 जनवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने निवास पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीसीयू) श्री अनुज कुमार एवं सीएसपी सिविल लाइन/सरकंडा श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।