अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई, कोण्डागांव पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार किया
कोण्डागांव पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक लच्छिन्दर पाण्डेय के सिर कटने के मामले में आरोपी श्यामलाल नेताम को गिरफ्तार किया। पुरानी रंजिश और विवाद के कारण आरोपी ने हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टंगीया और मृतक का सिर बरामद किया।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोण्डागांव | पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। दिनांक 06.12.2025 को सूचक कमलेश पटेल द्वारा थाना विश्रामपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि चनाभर्री जंगल में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है, जिसका सिर धड़ से गायब था। शव पर चेकदार फुलशर्ट पहना हुआ था। रिपोर्ट पर मर्ग संख्या 65/2025 कायम कर जांच प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर अति.पु.अधी.कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल अरूण नेताम के नेतृत्व में टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्कॉट की मदद से मर्ग जांच प्रारंभ हुई। मृतक के सिर के अभाव के कारण पहचान में कठिनाई हुई, लेकिन आस-पास के गांवों में पता तलाश कर शव के कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान बाड़ागांव निवासी लच्छिन्दर पाण्डेय के रूप में हुई।
जांच के दौरान पता चला कि मृतक लच्छिन्दर पाण्डेय को 03.12.2025 को अंतिम बार विश्रामपुरी बाजार में देखा गया था। मुखबिर से जानकारी मिली कि मृतक का श्यामलाल नेताम और रामु नेताम के साथ झगड़ा हुआ था। संदेह के आधार पर श्यामलाल नेताम को तलब कर कड़ाई से पूछताछ की गई। आरोपी ने स्वीकार किया कि 28.11.2025 को बाड़ागांव सोसायटी में झगड़े के कारण वह मृतक के प्रति रंजिश रखता था। 03.12.2025 को पुनः साप्ताहिक बाजार में झगड़ा होने पर उसने मृतक को मोटरसाइकिल में बैठाकर चनाभर्री जंगल में ले जाकर टंगीया से वार कर सिर धड़ से अलग कर हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिए उसने मृतक का सिर कुरूभाठ तालाब के पास छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का सिर और हत्या में प्रयुक्त टंगीया बरामद किया। आरोपी श्यामलाल नेताम पिता गंगाराम नेताम, उम्र 26 वर्ष, निवासी कुरूभाट थाना विश्रामपुरी जिला कोण्डागांव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे रिमांड पर जेल भेजा गया।
मामले की जांच और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी विनोद नेताम, सउनि रमेष निषाद, आर. जम्मू मरकाम, रमेष नेताम, शिवनाथ बर्वे और सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, प्र.आर. रितुराज सिंह, आर. चंदन यादव, बीजु यादव का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि कोण्डागांव पुलिस कानून के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।