कबीरधाम में सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने दिए निर्देश

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने समय-सीमा की बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने HPV टीकाकरण, स्कूलों और आंगनबाड़ी में पेयजल, जर्जर भवनों में कक्षाएं बंद करने, ई-ऑफिस, बायोमैट्रिक उपस्थिति और मुख्यमंत्री घोषणा के कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

Sep 9, 2026 - 11:06
 0  2
कबीरधाम में सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने दिए निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को सफल और प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना तथा जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समाधान करना है।

कलेक्टर ने कहा कि अभियान के दौरान केंद्र और राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाई जाए और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार कर अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों और विभागीय कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बच्चियों का शत-प्रतिशत HPV टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों और अन्य संस्थानों के साथ समन्वय कर पात्र बच्चियों की जानकारी संकलित करने तथा टीकाकरण से वंचित बच्चियों को चिन्हित कर उनका टीकाकरण कराने को कहा। साथ ही अभिभावकों और छात्राओं को HPV टीकाकरण के महत्व के संबंध में जागरूक करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और छात्रावास-आश्रमों में पर्याप्त एवं नियमित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी भी स्थिति में पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार संस्थानों का निरीक्षण कर पेयजल से जुड़ी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने अत्यधिक पुराने और जर्जर भवनों में स्कूल या आंगनबाड़ी की कक्षाएं संचालित नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे भवनों का चिन्हांकन कर वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

बैठक में ई-ऑफिस व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को कार्यालयीन कार्यों और फाइलों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैनुअल तरीके से फाइल संचालन से बचने और डिजिटल प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सुबह 10 बजे तक बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत स्वीकृत और प्रगतिरत कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने को कहा। सहसपुर लोहारा विकासखंड के बीरेन्द्र नगर और कवर्धा तहसील के ग्राम रबेली में नवीन महाविद्यालय शुरू करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा मिल सके।

कलेक्टर ने सभी शासकीय कार्यालयों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण और अनुपयोगी या जर्जर सामग्री को नियमानुसार हटाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही न हो तथा समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कर नागरिकों को त्वरित और बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, रामप्रसाद आचला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।