विकसित भारत क्विज से दिल्ली तक पहुंचेगा दुर्ग का युवा टैलेंट, 23,248 युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य
दुर्ग जिले में ‘माई भारत-विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ के तहत 23,248 युवाओं के पंजीयन और ऑनलाइन क्विज में सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। ‘विकसित भारत क्विज’ में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। स्कूल-कॉलेज, आईटीआई, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड और युवा संगठनों के माध्यम से अभियान चलाकर अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l ‘माई भारत-विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ के माध्यम से दुर्ग जिले के युवाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। जिले में इस अभियान के तहत 23,248 युवाओं के पंजीयन एवं ऑनलाइन क्विज में सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ‘विकसित भारत क्विज’ में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के लिए जिला स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी सिलसिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर संबंधित विभागों और संस्थाओं को अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन वर्ष 1995 से प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर किया जाता है। वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के अनुरूप इसे ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के रूप में पुनर्गठित किया गया। इस पहल का उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना है। साथ ही युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नवाचार, रचनात्मक चिंतन और देश के विकास को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।
‘माई भारत’ पोर्टल पर आयोजित विकसित भारत क्विज 22 भाषाओं में उपलब्ध है। क्विज में भारत, भारतीय विरासत, देश की उपलब्धियों, विकास यात्रा और ‘विकसित भारत 2047’ से संबंधित विषयों पर युवाओं के सामान्य ज्ञान और समझ का परीक्षण किया जाएगा। क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा और ज्ञान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।
विकसित भारत चैलेंज ट्रेक के तहत चयन प्रक्रिया पांच चरणों में होगी। पहला चरण ऑनलाइन क्विज का है, जो 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसके बाद 5 से 19 अक्टूबर तक ऑनलाइन निबंध लेखन, 10 से 16 नवंबर तक जिला चैंपियनशिप, 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक राज्य स्तरीय विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग और 10 से 12 जनवरी 2027 तक नेशनल डायलॉग प्रस्तावित है। निबंध एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से युवा विकसित भारत के निर्माण से जुड़े अपने विचार, विजन, नवाचार और समाधान प्रस्तुत करेंगे।
अभियान के अंतिम चरण में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को अपने विचार और सुझाव राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को राष्ट्र निर्माण के साथ नीति-निर्माण से जुड़े विषयों पर अपनी सोच प्रस्तुत करने के लिए महत्वपूर्ण मंच मिलेगा। जिला और राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी आगे की राष्ट्रीय प्रक्रिया में शामिल होंगे।
बैठक में जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, दुर्ग के प्रतिनिधि क्षितिज ने पंजीयन और क्विज प्रक्रिया की जानकारी दी। जिला पंचायत सीईओ बजरंग कुमार दुबे ने जिला शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा, आदिवासी विकास, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालयों को युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। आईटीआई, पॉलीटेक्निक, जनपद पंचायतों, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड, जिला रोजगार कार्यालय, जिला कौशल विकास प्राधिकरण, जनसंपर्क विभाग और आईआईटी भिलाई के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने कहा गया है। अधिकारियों ने 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं से 30 सितंबर तक विकसित भारत क्विज में अधिकाधिक भाग लेने की अपील की है।