छत्तीसगढ़ स्टेट सीनियर फीडे रेटेड शतरंज चैम्पियनशिप का 10 सितंबर को भव्य शुभारंभ, 21 जिलों के 140 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

भिलाई के सेक्टर-6 स्थित अग्रसेन भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट सीनियर फीडे रेटेड शतरंज चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेश के 21 जिलों से 140 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें 125 पुरुष और 25 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। आठ चक्रों में होने वाली स्पर्धा से चार पुरुष और चार महिला खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय सीनियर शतरंज चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 1.05 लाख रुपए की पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी, मोमेंटो, मेडल और ई-सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे।

Sep 9, 2026 - 11:31
 0  2
छत्तीसगढ़ स्टेट सीनियर फीडे रेटेड शतरंज चैम्पियनशिप का 10 सितंबर को भव्य शुभारंभ, 21 जिलों के 140 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

UNITED NEWS OF ASIA. भिलाई l छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ और खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशन में छत्तीसगढ़ स्टेट सीनियर फीडे रेटेड शतरंज चैम्पियनशिप का आयोजन भिलाई में किया जा रहा है। अग्रसेन जन कल्याण समिति एवं अग्रसेन महिला कल्याण समिति के सहयोग से जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा सेक्टर-6 स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 21 जिलों से 140 शतरंज खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में शतरंज के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन भी किया जाएगा।

प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार 10 अगस्त को सुबह 10 बजे अग्रसेन जन कल्याण समिति भिलाई के महासचिव अनिल अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी, साहित्यकार एवं लेखक कैलाश जैन बरमेचा करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी राजेश नथवानी और अग्रसेन महिला समाज की अध्यक्ष उमा अग्रवाल उपस्थित रहेंगी। जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत एवं सचिव तुलसी सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता में 125 पुरुष और 25 महिला प्रतिभागी शामिल हैं। इनमें कुल 67 खिलाड़ी फीडे रेटिंग वाले हैं। प्रतियोगिता का आयोजन कुल आठ चक्रों में किया जाएगा।

इस प्रतियोगिता का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का चयन है। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर चार पुरुष और चार महिला खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय सीनियर शतरंज चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। राष्ट्रीय सीनियर शतरंज चैंपियनशिप उत्तर प्रदेश में तथा राष्ट्रीय महिला शतरंज चैंपियनशिप तेलंगाना में आयोजित की जाएगी। ऐसे में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए यह स्पर्धा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए कुल एक लाख पांच हजार रुपए की नगद पुरस्कार राशि रखी गई है। इसके अलावा विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मोमेंटो प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को मेडल और ई-सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे। सीनियर ओपन वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 15 हजार रुपए और ट्रॉफी, द्वितीय को 11 हजार रुपए और ट्रॉफी, तृतीय को 9 हजार रुपए और ट्रॉफी तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 7 हजार रुपए और ट्रॉफी दी जाएगी। पांचवें स्थान के खिलाड़ी को 5 हजार रुपए एवं मोमेंटो, जबकि छठे स्थान पर 4 हजार रुपए एवं मोमेंटो और सातवें से दसवें स्थान तक के खिलाड़ियों को 2500 रुपए एवं मोमेंटो प्रदान किए जाएंगे।

महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपए एवं ट्रॉफी, द्वितीय 7 हजार रुपए एवं ट्रॉफी, तृतीय 5 हजार रुपए एवं ट्रॉफी, चतुर्थ 4 हजार रुपए एवं ट्रॉफी तथा पांचवें स्थान पर 3 हजार रुपए एवं मोमेंटो दिया जाएगा। छठवें से आठवें स्थान तक के खिलाड़ियों को 2 हजार रुपए एवं मोमेंटो प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा बेस्ट बस्तर, बेस्ट सरगुजा, बेस्ट वेटरन और बेस्ट दिव्यांग खिलाड़ी को 2-2 हजार रुपए एवं ट्रॉफी दी जाएगी। अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13 और अंडर-15 आयु वर्ग के उत्कृष्ट बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक इंटरनेशनल आर्बिटर अलंकार भिवगड़े होंगे। सहायक निर्णायक के रूप में इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन तथा फीडे आर्बिटर अनिल शर्मा, धीरज चावरे, सीनियर नेशनल आर्बिटर विक्रम सिंह राजपूत और सद्दाम हुसैन अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच होने वाले मुकाबले से छत्तीसगढ़ में शतरंज खेल को बढ़ावा मिलने के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।