कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, थाना पिपरिया क्षेत्र से 21.780 बल्क लीटर अवैध शराब जप्त, आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम जिले के थाना पिपरिया पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 21.780 बल्क लीटर देशी मदिरा जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम। जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पिपरिया पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 21.780 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (डीएसपी) आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 26 जनवरी 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कश्यप के नेतृत्व में थाना पिपरिया की पुलिस टीम पेट्रोलिंग एवं अवैध गतिविधियों की पतासाजी पर रवाना थी। इस दौरान पुलिस को मुखबीर से विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि मछली पसरा पिपरिया क्षेत्र में एक व्यक्ति अपनी चखना दुकान में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नागेश्वर यादव पिता हीराराम यादव, उम्र 34 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02 पिपरिया, थाना पिपरिया, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) बताया।
आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की कुल 121 पौवा देशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 21.780 बल्क लीटर पाई गई। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद भी जप्त किए गए। जप्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 10,780 रुपये आंकी गई। आरोपी शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने गवाहों के समक्ष अवैध शराब एवं नगद राशि को विधिवत जप्त कर सीलबंद किया। आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की गई।
इस कार्रवाई में उनि राजेश्वर ठाकुर, सउनि डोमन बंजारे, प्रधान आरक्षक देवा चंद्रवंशी, आरक्षक हेमंत शर्मा, आरक्षक मंगल पाली एवं आरक्षक संदीप राय का सराहनीय योगदान रहा। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती और निरंतरता के साथ जारी रहेगा।