कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 किलो से अधिक गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कबीरधाम जिले में थाना चिल्फी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 15.480 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में लगभग 12.95 लाख रुपये की मशरूका जब्त की गई।

Feb 1, 2026 - 12:17
 0  8
कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 किलो से अधिक गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के स्पष्ट निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस  संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में थाना चिल्फी पुलिस द्वारा 31 जनवरी 2026 को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

इस दौरान क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में एक संदिग्ध टाटा जेस्ट कार (सफेद रंग) क्रमांक CG-18-M-1456 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे तीन पिट्ठू बैगों से कुल 15 पैकेट अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजा का कुल वजन 15.480 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।

मौके पर ही तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक सुनियोजित नेटवर्क का खुलासा हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि महताब अहमद और मोहम्मद रासिक बस अथवा ट्रेन के माध्यम से उड़ीसा के सोनपुर जाकर गांजा लाते थे और रायपुर पहुंचते थे। रायपुर में रहने वाला इमाम खान, जो टैक्सी परमिट वाहन चालक है, तय योजना के अनुसार गांजा को अपने वाहन से उत्तरप्रदेश के हमीरपुर ले जाता था। वहां गांजा को छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचकर अवैध लाभ अर्जित किया जाता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि पूर्व में भी इसी तरीके से तस्करी की जा चुकी है।

प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों में इमाम खान निवासी मौदहा, जिला हमीरपुर (उत्तरप्रदेश), महताब अहमद निवासी हिमौली, जिला हमीरपुर (उत्तरप्रदेश) तथा मो. रासिक निवासी गुड़गांव (हरियाणा), हाल पता रायपुर शामिल हैं।

पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से टाटा जेस्ट कार (कीमत लगभग 5 लाख रुपये), 15.480 किलोग्राम गांजा, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 12 लाख 95 हजार रुपये की मशरूका जब्त की गई है। जब्ती की कार्रवाई गवाहों के समक्ष विधिवत की गई।

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में उप निरीक्षक दर्शन साहू तथा आरक्षक पंकज यादव, अमन वाहने, दिलीप जायसवाल, सुनील मरावी एवं पप्पू पनागर का सराहनीय योगदान रहा।

आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश भी पुलिस द्वारा लगातार जारी है।