मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में भटगांव में होगा भव्य कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम

सूरजपुर जिले के भटगांव में 31 जनवरी को आयोजित कपिध्वज मेगा करियर गाइडेंस कार्यक्रम में प्रसिद्ध करियर एक्सपर्ट नितिन विजय (एनवी सर) विद्यार्थियों को करियर चयन और सफलता के लिए मार्गदर्शन देंगे।

Feb 1, 2026 - 12:08
 0  6
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में भटगांव में होगा भव्य कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम

UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की सुशासन एवं युवा-हितैषी सोच के अनुरूप महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में प्रदेश के युवाओं के लिए एक भव्य और महत्वपूर्ण पहल के रूप में “कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम” का आयोजन किया जा रहा है। यह मेगा करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम 31 जनवरी को सूरजपुर जिले के भटगांव स्थित स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित होगा।

इस कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध करियर मार्गदर्शक एवं मोशन कोचिंग संस्थान, कोटा के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी  नितिन विजय (एनवी सर) विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वे विद्यार्थियों को अपने अनुभवों के माध्यम से करियर चयन, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उच्च शिक्षा के अवसर तथा बदलते शैक्षणिक परिदृश्य जैसे विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

तेजी से बदलते प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों के सामने सही दिशा और मार्गदर्शन की कमी एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस मेगा करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थी विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपने भविष्य की दिशा स्पष्ट कर सकें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश एवं मार्गदर्शन में कार्यक्रम की सभी तैयारियां भटगांव स्थित स्टेडियम ग्राउंड में पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 01:00 बजे से होगा। आयोजन स्थल पर विद्यार्थियों के लिए बैठक व्यवस्था, प्रवेश व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेश के विद्यार्थियों और युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कपिध्वज मेगा करियर गाइडेंस कार्यक्रम में सहभागिता करें और प्रसिद्ध करियर एक्सपर्ट एनवी सर के मार्गदर्शन का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को सही दिशा देने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

यह कार्यक्रम विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा, जो प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रोफेशनल कोर्स, उच्च शिक्षा एवं करियर विकल्पों को लेकर असमंजस में हैं। इस पहल से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों और युवाओं को नई प्रेरणा, आत्मविश्वास और स्पष्ट लक्ष्य प्राप्त होने की उम्मीद है।