संडी में 1.05 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, शिक्षकों की मांग पर विधायक दीपेश साहू ने की बालिका शौचालय की घोषणा
बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत संडी में करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू ने ग्रामीण क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और सामुदायिक सुविधाओं को मजबूत करने की बात कही। शिक्षकों की मांग पर उन्होंने विद्यालय में बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा भी की।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा | बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत संडी में करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू अपनी धर्मपत्नी तरुणा साहू के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलराम पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन, सीसी रोड, साइकिल स्टैंड, हाईमास्ट लाइट, बोर खनन, नवधा मंच, डोम निर्माण और वाटर फिल्टर सहित कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इनमें 28 लाख रुपए की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र, 10 लाख रुपए का सामुदायिक भवन और विभिन्न सड़कों के निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़िया और आदिवासी गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विधायक दीपेश साहू और अन्य अतिथियों ने थाली बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सम्मान राशि देकर प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यालय में बालिकाओं के लिए शौचालय की आवश्यकता विधायक के सामने रखी। मांग पर विधायक दीपेश साहू ने विद्यालय में बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
विधायक ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
ग्राम पंचायत संडी के सरपंच सेवाराम साहू ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से गांव में स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा, पेयजल और सामुदायिक सुविधाएं और मजबूत होंगी।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।